अंडा खाना भूल जाएंगे, जब बिना अंडे के सोयाबीन से बनेगा सुपर टेस्टी ‘वेज ऑमलेट’ फ्लफीनेस और टेक्सचर भी वही वाला……

देहरादून: शुद्ध शाकाहारी हैं…लेकिन दोस्तों को ऑमलेट खाते देख मन ललचाता है, तो यह रेसिपी आपके लिए है। दरअसल तमिल शेफ ने सोया चंक्स और खास मसालों से बनने वाले ‘सोया वेज ऑमलेट’ की रेसिपी शेयर की है। जिसका टेक्सचर और स्वाद हूबहू असली अंडे जैसा लगता है। प्रोटीन से भरपूर यह नाश्ता बिना अंडे के भी बेहद फ्लफी बनता है।

क्या आप शुद्ध शाकाहारी हैं और संडे हो या मंडे, रोज अंडे खाने वाले दोस्तों को देखकर आपका भी ऑमलेट खाने का मन करता है। या फिर आप वजन घटाने और प्रोटीन के लिए कोई नया विकल्प ढूंढ रहे हैं? अगर हां, तो यह अनोखी और सीक्रेट रेसिपी सिर्फ आपके लिए है। अक्सर लोग बेसन का ‘चीला’ बनाकर उसे वेज ऑमलेट का नाम दे देते हैं, लेकिन उसका स्वाद असली ऑमलेट जैसा बिल्कुल नहीं होता।

तभी तमिल शेफ ने सोया चंक्स और खास आटों के कॉम्बिनेशन से बनने वाले ‘सोया वेज ऑमलेट’ की रेसिपी शेयर की है, जिसका टेक्सचर, फ्लफीनेस और स्वाद हूबहू असली अंडे के ऑमलेट जैसा लगता है। इसे देखकर और खाकर कोई भी धोखा खा सकता है। प्रोटीन से भरपूर इस मजेदार नाश्ते को आप सिर्फ कुछ ही मिनटों में घर पर तैयार कर सकते हैं।

सोया चंक्स को उबालना और दरदरा पीसना
इस ऑमलेट को असली जैसा ‘मीटी’ टेक्सचर देने के लिए सबसे पहले 10 पीस सोया चंक्स लें। इन्हें उबलते हुए गर्म पानी में सिर्फ 2 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ दें। जब ये अच्छी तरह फूल और सॉफ्ट हो जाएं, तो इन्हें पानी से निकालें और हाथों से अच्छी तरह निचोड़कर इनका सारा पानी पूरी तरह से निकाल दें। अब इन निचोड़े हुए सोया चंक्स को मिक्सी के जार में डालें और पल्स मोड पर चलाते हुए दरदरा पीस लें।

सोयाबीन का चटपटा मसाला तैयार करना
अब गैस पर एक पैन चढ़ाएं और उसमें 2 छोटे चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होने पर बारीक कटा हुआ 1 प्याज, 2 कटे हुए लहसुन, 1 इंच बारीक कटा अदरक और 1 कुचली हुई हरी मिर्च डालकर एक मिनट के लिए भून लें। 1/4 छोटा चम्मच हल्दी, 1/2 छोटा चम्मच नमक, 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला और 1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर डालें।

मसालों को हल्का सा भूनने के बाद इसमें पिसा हुआ सोयाबीन और आधा कटा हुआ टमाटर डालें। सबको अच्छे से मिक्स करके भूनें और फिर गैस बंद करके इस मसाले को एक तरफ ठंडा होने के लिए रख दें।

ऑमलेट के लिए खास ‘एग-फ्री’ बैटर बनाना
असली ऑमलेट जैसी इलास्टिसिटी और कंसिस्टेंसी पाने के लिए एक मिक्सिंग बाउल लें। इसमें 4 चम्मच बेसन और 2 चम्मच चावल का आटा डालें। अब इसमें 1 बड़ा चम्मच मैदा मिलाएं, जो ऑमलेट को टूटने से बचाएगा और लचीलापन देगा। 1/4 छोटा चम्मच हल्दी और 1/2 छोटा चम्मच नमक डालें। अब 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर डालें, यही ऑमलेट को अंडे की तरह फुलाने और फ्लफी टेक्सचर देने का काम करता है।

मसालों को बैटर में मिलाना और घोल तैयार करना
इस सूखे मिश्रण में अब 1/4 कप पानी डालें और चम्मच की मदद से एक स्मूद और बिना गांठ वाला घोल बना लें। इसके बाद इस घोल में बारीक कटी हुई 1 हरी मिर्च, थोड़े से फ्रेश कढ़ी पत्ते और बारीक कटा हरा धनिया डालें। आखिरी में सोयाबीन का चटपटा मसाला डालें जो भूनकर अलग रखा था। अब थोड़ा और पानी एडजस्ट करते हुए इसे अच्छी तरह मिला लें ताकि एक बहने वाली कंसिस्टेंसी का परफेक्ट ऑमलेट बैटर तैयार हो जाए।

तवे पर ऑमलेट फैलाना और सेंकना
इस पूरी सामग्री के नाप से आप आसानी से 4 मीडियम साइज के ऑमलेट बना सकते हैं। अब एक नॉन-स्टिक तवा या पैन गरम करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं। आंच को बिल्कुल धीमा कर दें और एक बड़ा चमचा बैटर तवे पर डालकर ऑमलेट की तरह गोल फैलाएं। इसे धीमी आंच पर ही पकने दें ताकि यह अंदर तक अच्छी तरह सिक जाए और मैदे व बेसन का कच्चापन पूरी तरह दूर हो जाए।

असली ऑमलेट वाला लुक देना
जब ऑमलेट ऊपर से हल्का सूखने लगे, तो इसके ऊपर से थोड़ा सा पिसा हुआ काली मिर्च पाउडर और बारीक कटे कढ़ी पत्ते छिड़क दें। काली मिर्च और कढ़ी पत्ता जब ऊपर से दिखते हैं, तो यह दिखने में बिल्कुल अंडे वाले ऑमलेट जैसा ही लगता है और कोई भी देखकर पहचान नहीं पाएगा कि शाकाहारी है। दोनों तरफ से उलट-पुलट कर हल्का सुनहरा होने तक सेकें और गरमा-गरम प्लेट में निकालें।

डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।