उत्तराखंड में मार्च में विधानसभा चुनाव के आसार, कब लगेगी आचार संहिता…….

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक तैयारियों की सुगबुगाहट तेज होने लगी है। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव मार्च के पहले सप्ताह में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू किए जाने का संभावित खाका तैयार किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।

हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अंतिम निर्णय भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
चुनाव के संभावित कार्यक्रम में इस बार फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह को प्राथमिकता दिए जाने के पीछे सबसे बड़ा कारण बोर्ड परीक्षाएं मानी जा रही हैं। दरअसल, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न शिक्षा बोर्डों की परीक्षाएं फरवरी से मार्च तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनाव और परीक्षाओं के बीच तालमेल बैठाना निर्वाचन आयोग और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

बोर्ड परीक्षाओं के चलते मार्च में मतदान की संभावना
चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मतदान केंद्रों के संचालन से लेकर चुनावी ड्यूटी तक बड़ी संख्या में शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की तैनाती की जाती है। दूसरी ओर, फरवरी और मार्च में बोर्ड परीक्षाएं होने के कारण स्कूलों में परीक्षा केंद्रों और शिक्षकों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण है।

इसी स्थिति को देखते हुए जनवरी के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता लागू करने और मार्च के पहले सप्ताह में मतदान कराने की संभावना जताई जा रही है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार पांच से दस मार्च के बीच मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, यह कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है।

28 मार्च को समाप्त होगा धामी सरकार का कार्यकाल
उत्तराखंड में वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। संवैधानिक समयसीमा के भीतर नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा। ऐसे में मार्च के पहले सप्ताह में मतदान और उसके बाद मतगणना की संभावित समय-सारिणी पर चर्चा हो रही है।

उत्तराखंड में एक चरण में हो सकता है मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ उत्तराखंड में भी चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में इस बार तीन चरणों में चुनाव कराने की तैयारी हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में एक ही चरण में मतदान कराया जा सकता है। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में सात चरणों और उत्तराखंड में एक चरण में चुनाव हुए थे। उत्तराखंड में 14 फरवरी 2022 को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 10 मार्च को हुई थी।

फरवरी से शुरू होंगी प्रमुख बोर्ड परीक्षाएं
चुनावी कार्यक्रम तय करने में सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। सीबीएसई की कक्षा 10 और 12 की मुख्य परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से प्रस्तावित हैं। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। वहीं, आईसीएसई की कक्षा 10 की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च और आईएससी की कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल तक प्रस्तावित हैं। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह के बीच आयोजित होने की संभावना है।

पिछले विधानसभा चुनावों की तारीखें
उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में 14 फरवरी, 2017 में 15 फरवरी, 2012 में 30 जनवरी, 2007 में 21 फरवरी और वर्ष 2002 में 14 फरवरी को मतदान हुआ था। इस बार बोर्ड परीक्षाओं और विधानसभा के कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए मार्च के पहले सप्ताह में चुनाव कराए जाने की संभावना चर्चा में है।

फिलहाल प्रदेश में सभी की निगाहें भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम पर टिकी हैं। आयोग की घोषणा के बाद ही आचार संहिता लागू होने और मतदान की वास्तविक तारीखों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश में भी होंगे चुनाव
उत्तराखंड के साथ वर्ष 2027 में पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त होगा। गोवा में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकार का कार्यकाल 14 मार्च और मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 तक है।

वहीं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल मई 2027 में पूरा होगा। इन पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग को अलग-अलग राज्यों की परिस्थितियों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों के अनुरूप कार्यक्रम तय करना होगा।