अगर लौकी देखते ही मुंह बनाने लगते हैं बच्चे, शाम के नाश्ते में बनाएं क्रिस्पी कटलेट, स्वाद ऐसा कि सब मांग-मांग कर खाएंगे……
देहरादून: आपने कई तरह के कटलेट खाए होंगे लेकिन क्या आपने कभी लौकी कटलेट ट्राई किया है. अगर नहीं तो आज हम आपको घर पर आसानी से मिनटों में लौकी से क्रिस्पी कटलेट बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।
दिन भर की थकान के बाद शाम की चाय के साथ हल्का और चटपटा नाश्ता हर किसी की चाहत होती है. लेकिन अक्सर लोग यह सोचकर टाल देते हैं कि इसे बनाने में ज्यादा समय लगेगा। जबकि कई ऐसे नाश्ते हैं, जिन्हें आप मिनटों में आसानी से बना सकते हैं. उन्हीं में से एक है लौकी से बना क्रिस्पी कटलेट. स्वाद और पौष्टिकता से भरे लौकी कटलेट एक हेल्दी स्नैक्स हैं. सूजी, लौकी और हल्के मसालों से बना यह कटलेट खाने में काफी टेस्टी लगता है और हेल्दी भी होता है. आज हम आपको लौकी कटलेट बनाने का आसान तरीका बताएंगे।
लौकी कटलेट बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है-
2 कप कद्दूकस की हुई लौकी
1 कप उबला और मैश किया हुआ आलू
1/2 कप सूजी
1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1/2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 चम्मच गरम मसाला
1/2 चम्मच धनिया पाउडर
1/2 चम्मच हल्दी
नमक (स्वादानुसार)
1 चम्मच हरा धनिया (कटा हुआ)
तेल (फ्राई करने के लिए)
लौकी कटलेट कैसे बनाएं-
सबसे पहले लौकी को कद्दूकस कर लें। इसके बाद कद्दूकस की हुई लौकी को हल्का सा दबाकर एक्स्ट्रा पानी निकाल लें।
अब एक बर्तन में लौकी, उबला आलू, सूजी, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पत्ता और सारे मसाले डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
सारी चीजें मिक्स करने के बाद अपने हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे मनचाहे आकार के कटलेट बना लें. इन्हें बनाकर अलग रख दें।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तैयार कटलेट्स को तेल में डालकर मीडियम गैस पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।
अब आपका लौकी से बना क्रिस्पी कटलेट तैयार है, इन्हें हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।


