उत्तराखंड में हरिद्वार के गंगा तटों पर आकार लेने लगी अर्धकुंभ नगरी, करीब 35 हजार कार्मिक कर रहे दिन-रात काम……….
हरिद्वार: हरिद्वार में अर्धकुंभ मेला-2027 के लिए अस्थायी नगरी बसाने की शुरुआत हो गई है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में कार्मिकों के आवास, कार्यालयों और अन्य जरूरतों के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में बाहरी सेक्टरों में भी यह काम आगे बढ़ेगा।
पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को देखते हुए अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविर और कार्यालय बनाए जा रहे हैं। इनके लिए पांच हजार से अधिक टेंट प्रस्तावित हैं। इनमें स्विस काटेज, ईपी, फैमिली, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर भी शामिल होंगे।
अखाड़ों, आश्रमों और धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के शिविरों की तैयारी भी चल रही है। गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप का निरीक्षण किया। शिविर स्थलों पर सड़क, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सफाई की व्यवस्था टेंट स्थापना के साथ पूरी करने को कहा। निरीक्षण में उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


