उत्तराखंड में त्योहारों के बीच देहरादून में VVIP मूवमेंट, राष्ट्रपति और अमित शाह का दौरा बढ़ाएगा पुलिस की टेंशन…….
देहरादून: त्योहारों के बीच नवंबर का पहला सप्ताह देहरादून पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। जनपद में लगातार वीवीआईपी मूवमेंट के चलते सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
एक नवंबर को राष्ट्रपति के दौरे के बाद छह नवंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित दौरा है। दोनों महत्वपूर्ण दौरों के बीच त्योहारों की गतिविधियां भी जारी रहेंगी। ऐसे में पुलिस को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर एक साथ तैयारी करनी होगी।
त्योहारी सीजन में बाजार, प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर पहले से ही लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों के साथ ही पर्यटकों और दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों का दबाव भी सड़कों पर रहता है।
ऐसे में वीवीआईपी दौरों के दौरान सुरक्षा कारणों से रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू होने पर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस के सामने वीवीआईपी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन की आवाजाही को भी व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी होगी।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात पर भी नजर
एक नवंबर को राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति की सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकाल के तहत आवागमन के मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं करनी होंगी। इसके बाद छह नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भी सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा।
अन्य जनपदों से बुलाई जाएगी फोर्स
लगातार दो महत्वपूर्ण दौरों के चलते पुलिसकर्मियों की तैनाती, ड्यूटी प्रबंधन और यातायात नियंत्रण की योजना अहम रहेगी। इसके लिए दूसरे जनपदों से पुलिस फोर्स मंगवाया जा रहा है।
प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था करनी पड़ेगी। हालांकि, यातायात प्लान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित कार्यक्रमों तथा पुलिस-प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों पर निर्भर करेगी।
प्रमुख बाजारों में होगी भीड़-भाड़
त्योहारी सीजन के दौरान पलटन बाजार, घंटाघर, राजपुर रोड और अन्य प्रमुख बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना रहती है। वहीं, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने की जरूरत पड़ने से शहर के दूसरे हिस्सों में भी वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। इसका असर कार्यालय जाने वाले लोगों, व्यापारियों, ग्राहकों और सार्वजनिक परिवहन पर पड़ने की संभावना रहेगी।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स बुलाने की तैयारी है।
वीवीआईपी
मूवमेंट को लेकर किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। – प्रमेन्द्र डोबाल, एसएसपी देहरादून।


