उत्तराखंड के हरिद्वार में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी, नगर निगम ने बनाई नई उपविधि………

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में मांस बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब नगर निगम के पूरे क्षेत्र में मांस की बिक्री प्रतिबंधित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

इसके लिए नगर निगम की ओर से ‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होने के बाद नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में इसके प्रावधान प्रभावी हो जाएंगे।

इससे ज्वालापुर के वे क्षेत्र भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जहां अब तक मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था। नगर निगम की बोर्ड बैठक में पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद निगम प्रशासन ने इस संबंध में उपविधि तैयार की है।

उपविधि के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर रोक रहेगी। दुकानों पर मांस की बिक्री के साथ ही उसका भंडारण कर बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित होगा। इतना ही नहीं, आनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी।

पहली बार उल्लंघन पर 50 हजार, दूसरी बार एक लाख जुर्माना।
उपविधि में नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए जुर्माने का प्राविधान किया गया है। पहली बार प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया जाएगा जबकि दूसरी बार उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपए हो जाएगी।

वहीं, आनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित मांस की डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक, प्रवर्तन दल और नामित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इन्हें प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने, प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने और उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने का अधिकार होगा।

सराय में तैयार हुईं दुकानें, आवंटन के लिए नीलामी शुरू।
मांस कारोबारियों के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र में संचालित मांस की दुकानों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने के उद्देश्य से सराय में दुकानें बनाकर तैयार कर दी गयी हैं।

इन दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उपविधि में नगर निगम सीमा से बाहर निगम की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्मित दुकानों के लिए आवेदन करने की व्यवस्था भी रखी गई है।

वर्जन
‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होने के बाद नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में इसके प्राविधान प्रभावी हो जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र में सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर रोक रहेगी।

दुकानों पर मांस की बिक्री के साथ ही उसका भंडारण कर बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित होगा। आनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी।