उत्तराखंड में धामी कैबिनेट में 23 फैसलों पर मुहर, बिंदुखत्ता-बापूग्राम समेत कई अहम निर्णय……….

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सरकारी भर्तियों, कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, वन भूमि, शहरी विकास, पेयजल, औद्योगिक गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने बापूग्राम की आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को भी मंजूरी दी गई।

बिंदुखत्ता समेत वन क्षेत्रों की आबादी को लेकर बड़ा निर्णय
कैबिनेट ने ऋषिकेश के बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि के साथ बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार अब इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस फैसले को लंबे समय से वन भूमि पर बसे परिवारों के अधिकारों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वन सेवा से जुड़े फैसले में उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी।

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर फैसला
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत संगठित कर्मकारों के साथ असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया गया है।

हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर, लैंड यूज की दरें घटेंगी
हरिद्वार में कुल 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इन कॉरिडोर में 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर की लंबाई 15 किलोमीटर होगी, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इससे शहर में यातायात का दबाव कम करने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति देने की व्यवस्था होगी। राज्य में लैंड यूज परिवर्तन की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है।
कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी। उत्तराखंड पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को भी स्वीकृति दी गई है। उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के तहत सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और आईटी से जुड़े पदों को भी मंजूरी प्रदान की गई।

स्वास्थ्य, आबकारी, राजस्व और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े फैसले
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े निर्णय में ईएसआई के तहत फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती की शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों को कोर्स पूरा होने के बाद दो वर्ष तक राज्य में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए बॉन्ड की व्यवस्था को स्वीकृति दी गई है।

आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। इस तरह विभाग में कुल 11 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को भी मंजूरी दी गई।

राजस्व व्यवस्था के संबंध में उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की जाएगी। वहीं, राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।

राज्य में निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों में से एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) को हटाने का फैसला लिया गया है। बताया गया कि संस्था राज्य में कार्य नहीं कर रही थी। चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई है, जबकि खनिज रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है।

इसके अलावा पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के इन फैसलों से सरकारी सेवाओं, भर्ती प्रक्रिया, शहरी यातायात, पेयजल व्यवस्था और विभिन्न विभागों के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का रास्ता खुलेगा।

एक नजर में धामी कैबिनेट के सभी फैसले-

बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष की गई।

उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी।
सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी, असंगठित कर्मकार भी शामिल।

सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत।
ईएसआई फार्मासिस्ट भर्ती में डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा अभ्यर्थियों को भी पात्रता।
उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल राज्य में सेवा देने का बॉन्ड।
उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी।
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद स्वीकृत।

सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और आईटी से जुड़े पदों को मंजूरी।
हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर के तीन पीआरटी कॉरिडोर और 21 स्टेशन बनाने का निर्णय।

भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता।
लैंड यूज परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कमी।
उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 को मंजूरी।

अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित करने का निर्णय।

राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय।
निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों से NHIDCL को हटाया गया।

चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति।

जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की फीस दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई, खनिज रॉयल्टी में वृद्धि नहीं।
पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने को मंजूरी।