लिखित आश्वासन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हां या ना में जवाब’ सरकार के साथ आज बातचीत से पहले CJP ने दिखाए तेवर…….

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के साथ आज होने वाली बैठक से पहले सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक बार फिर तेवर दिखाए हैं। आशुतोष रांका ने कहा, हमें मांगों को लेकर लिखित आश्वासन चाहिए। उन्होंने कहा, हमें सरकार से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हां या ना में जवाब चाहिए।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से जारी कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बीच सीजेपी प्रतिनिधिमंडल की आज सरकार के साथ बातचीत होनी है। बातचीत से पहले सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने स्पष्ट कर दिया है कि दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति बनी है, उनके लिए हमें लिखित पुष्टि मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हां या न में जवाब मिलना चाहिए।

शनिवार सुबह सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ‘हमें आज दोपहर 3:30-4 बजे का समय दिया था। जगह अभी तय नहीं हुई है। बातचीत बिल्कुल साफ है। जिन दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति बनी है, उनके लिए हमें लिखित पुष्टि मिलनी चाहिए ताकि उन्हें अंतिम रूप दिया जा सके।’

धर्मेंद्र प्रधान पर हां या ना में जवाब चाहिए
आशुतोष रांका ने कहा, ‘हमें धर्मेंद्र प्रधान के मामले में स्पष्टता चाहिए कि क्या वे उनका इस्तीफा मांगेंगे या नहीं। हमें ‘हां’ या ‘ना’ में जवाब चाहिए, क्योंकि इस पर विचार-विमर्श की ज्यादा गुंजाइश नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘कल की बैठक में कम्पेनसेशन और लीगल मामलों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। एक इन-प्रिंसिपल एग्रीमेंट हुआ था। हमें उम्मीद है कि आज वह रिटर्न एग्रीमेंट भी मिल जाएगा लेकिन जो मुख्य मांग है- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं आया है। अगर प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हमें बता दें, फिर इस तरह की मीटिंग का कोई मतलब नहीं है। हम अपनी आगे की रणनीति पर काम करेंगे।’

47 अधिकारियों की बर्खास्तगी पर क्या बोले ?
सरकार द्वारा NTA के 47 अधिकारियों को बर्खास्त करने पर उन्होंने कहा, ‘हमें बहुत सारी डिटेल्स देखनी होंगी लेकिन हम फिर से वही बात कर रहे हैं। आखिरी जवाबदेही शिक्षा मंत्री की है, क्योंकि वे सभी पेपर लीक और NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्हें इस्तीफा देना होगा। हम लगातार दूसरे बड़े सुधारों पर चर्चा कर रहे हैं।’

सोनम वांगचुक के वीडियो मैसेज पर क्या बोले आशुतोष रांकाव ?
सोनम वांगचुक के वीडियो मैसेज पर आशुतोष रांका ने कहा, ‘इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। एक व्यक्ति जिसने 26 दिनों तक भूख हड़ताल की और अपनी जान जोखिम में डाली, जिसने देश के भविष्य के लिए इतना कुछ किया, उसे दक्षिणपंथी (राइट विंग) लोग ट्रोल कर रहे हैं। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।’

सोनम वांगचुक के लिए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की ‘अन्ना पार्ट टू’ और ‘सरकार के साथ निजी डील’ वाली टिप्पणियों पर वे कहते हैं, ‘हमें नहीं पता कि कांग्रेस क्या सोच रही है। लेकिन उन्होंने बहुत कुछ किया है, उन्होंने बातचीत भी की है कि कोई कानूनी मामला नहीं होना चाहिए और उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। सोनम जी पर सवाल उठाना सही नहीं है।’