उत्तराखंड के हरिद्वार कांवड़ मेले में चकाचक रहेंगे हरिद्वार के गंगा घाट, आधुनिक मशीनों से होगी सफाई……..
हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों की सफाई स्क्रबर और आटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों से भी होगी। कोटक बैंक के सहयोग से मिली इन मशीनों का मुख्य उद्देश्य घाट क्षेत्रों की त्वरित सफाई सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस विशेष पहल का शुभारंभ करते महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कांवड़ और अर्धकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। गंगा घाटों पर गंदगी से उनकी भावनाएं आहत नहीं हो इसके लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आधुनिक स्क्रबर एवं आटोमेटिक स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से घाटों की सफाई पहले से अधिक प्रभावी और तेज़ होगी। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर योगेश मिश्रा तथा सफाई निरीक्षक आकाश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


