उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, 3922 रिक्त पदों पर इस तारीख को होगा मतदान………..
देहरादून: त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त चल रहे 3922 पदों के उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव की प्रक्रिया 30 सितंबर को नामांंकन पत्र दाखिल करने के साथ होगी।
12 अक्टूबर को मतदान होगा। 14 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। आयोग की अधिसूचना के बाद शनिवार को जिलाधिकारियों ने भी उपचुनाव के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। हरिद्वार को छोड़ राज्य के शेष 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पिछले वर्ष हुए थे।
इसमें बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद रिक्त रह गए थे। बाद में उपचुनाव के बाद भी ग्राम पंचायत सदस्यों के 3890, ग्राम प्रधानों के 23 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के नौ पद फिर भी विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए।
इनमें हरिद्वार जिले के ग्राम पंचायत सदस्य के 13 व ग्राम प्रधान के तीन पद भी शामिल हैं। इस बीच रिक्त पदों पर उपचुनाव को लेकर मामला उच्च न्यायालय में भी गया। अब राज्य निर्वाचन आयोग ने रिक्त पदों के उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया है।
यह है उपचुनाव का कार्यक्रम।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव के लिए 30 सितंबर व एक अक्टूबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। तीन अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि चार अक्टूबर को सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
पांच अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी और शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। नामांकन से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन और मतगणना से संबंधित कार्य संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों में होंगे।
इन पदों पर होना है चुनाव-
जिला (District) ग्राम पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य
पौड़ी 1103 08 00
अल्मोड़ा 858 00 01
टिहरी 529 04 01
पिथौरागढ़ 284 02 00
चमोली 279 06 01
नैनीताल 207 01 02
उत्तरकाशी 199 01 02
ऊधम सिंह नगर 108 00 00
रुद्रप्रयाग 107 01 00
चंपावत 90 00 00
देहरादून 65 00 01
बागेश्वर 61 00 01
हरिद्वार 14 03 00
कुल (Total) 3,904 26 09


