उत्तराखंड के ऋषिकेश में सैलानियों की बहार, होटल-कैंप फुल, पर्यटन कारोबार में आ रही तेजी……….
ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होते ही होटल-कैंप पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं।
शनिवार को तपोवन, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती के प्रमुख होटलों में बुकिंग फुल रही। शिवपुरी, मोहनचट्टी आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कैंपों में भी पर्यटकों की खासी रौनक है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है।
स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश
चारधाम के चलते पिछले एक महीने से ऋषिकेश में तीर्थ यात्रियों का खासा दबाव देखने को मिल रहा है। वहीं, शनिवार से उत्तराखंड समेत कई राज्यों के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पर्यटक ऋषिकेश का रुख करने लगे हैं।
शनिवार सुबह से पिछले सप्ताहांत की तुलना में पर्यटक वाहनों का अधिक दबाव देखने को मिला। देर रात तक हरिद्वार व देहरादून मार्ग की ओर से पर्यटक वाहन ऋषिकेश पहुंचते रहे। वहीं, शनिवार को प्रमुख होटलों की बुकिंग दोपहर तक फुल हो गई।
रविवार के लिए भी अधिकांश होटल की एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। तपोवन व लक्ष्मणझूला में होटल की सबसे अधिक मांग है। पर्यटकों को यहां नैसर्गिक सौंदर्य व शांति खूब भा रही है। पर्यटकों की रौनक से होटल कारोबारियों के चेहरे खिले हैं। आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में अधिक तेजी आने की संभावना है।
लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम व अन्य प्रमुख क्षेत्रों में होटल कारोबार अपने चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार, शनिवार को दोपहर तक होटल फुल हो गए थे। आज रविवार को और भीड़ होने की उम्मीद है। ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के कारण अब आने वाले दिनों में कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।
अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक होटल कमरों के लिए आनलाइन बुकिंग को अधिक महत्व दे रहे हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि इन दिनों पर्यटन सीजन अपने चरम पर पहुंचने लगा है। अधिकांश पर्यटक आफलाइन बुकिंग के भरोसे अपनी सुविधा व संतुष्टि के साथ समझौता करना पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में वे होटल की वेबसाइट पर लग्जरी रूम पसंद कर आनलाइन बुकिंग करना बेहतर समझते हैं। – बचन पोखरियाल, होटल व्यवसायी।
कैंपों की भी बढ़ी रही मांग
टिहरी जिले के शिवपुरी, नीरगढ़ व पौड़ी जिले के मोहनचट्टी व अन्य ऊंचाई वाले स्थानों में कैंपिंग की मांग भी बढ़ रही है। पर्यटकों को कैंपों में समय बिताना प्रकृति के बीच होने का अहसासा करा रहा है।
कैंप संचालकों ने पर्यटकों के आतिथ्य सत्कार व मनोरंजन के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। कैंपों में पर्यटक बैडमिंटन, क्रिकेट व कैरम, चैस आदि खेलों का भी लुत्फ उठा रहे हैं।
राफ्टिंग में पर्यटकों की संख्या हुई दोगुनी
पर्यटन सीजन गति पकड़ने के साथ ही गंगा रिवर राफ्टिंग में भी पर्यटकों की संख्या में अचानक उछाल देखने को मिलने लगा है। मई प्रारंभ की तुलना में पर्यटकों की संख्या दोगुनी दर्ज की जा रही है।
राफ्टिंग एवं साहसिक खेल अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने बताया कि अप्रैल अंत व मई प्रारंभ में रोजाना राफ्टिंग करने वाले पर्यटकों की संख्या 1500 से 1800 तक थी, जो आज 4000 या इससे अधिक पहुंचने लगी है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।


