उत्तराखंड के कैंची मेले में भीड़ प्रबंधन की तैयारी, चारधाम यात्रा से बुलाए जाएंगे टेंपो ट्रैवलर…….
हल्द्वानी: आगामी 15 जून को होने वाले कैंची मेले को सुगम बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समन्वय बैठकों और निरीक्षणों का दौर भी शुरू हो चुका है।
इधर, पुलिस ने परिवहन निगम को चार धाम यात्रा के लिए भेजे गए 10 वातानुकूलित (एसी) टेंपो ट्रैवलर को वापस मंगाने की मांग की है, ताकि उन्हें कैंची धाम मेले के लिए जाने वाली शटल के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।
शटल से भी भेजे जाएंगे भक्त
दरअसल, विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले में नीब करौरी बाबा के दर्शन करने और मालपुए का प्रसाद ग्रहण करने के लिए हर वर्ष देशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को हल्द्वानी से शटल सेवा से भी भेजा जाएगा।
इसमें रोडवेज और केमू की बसें लगाई जाती हैं। लेकिन, कई श्रद्धालु आरामदायक वातानुकूलित शटल सेवा की मांग करते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने परिवहन निगम को 18 टेंपो ट्रैवलर कैंची धाम मेले में मंगाने की मांग की है।
इसके साथ ही पुलिस की ओर से ट्रेनों और बसों के हल्द्वानी और काठगोदाम पहुंचने की टाइमिंग का चार्ट बनाया जा रहा है। ताकि ट्रेनों और बसों से आने वाली भीड़ को प्रबंधित करने के लिए पहले से इंतजाम किए जा सकें।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि यातायात सुगम रहे इसके लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की जाएगी। वहीं काठगोदाम डिपो के सहायक महाप्रबंधक गणेश पंत ने बताया कि पुलिस के साथ समन्वय बैठक में टेंपो ट्रैवलर बुलाने का मुद्दा उठा है। इस पर उच्चाधिकारी निर्णय लेंगे।
हल्द्वानी से चलेंगी 50 शटल, नैनीताल से भी 15 बसें चलेंगी
परिवहन निगम के अधिकारी ने बताया कि हल्द्वानी स्टेशन से 50 बसें शटल के तौर पर रिजर्व की गई हैं। नगर निगम इंटर कालेज के मैदान, हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन में बनाई जा रहीं पार्किंग से ये बसें आवश्यकता के अनुसार कैंची धाम और नैनीताल के लिए रवाना की जाएंगी।
साथ ही अगर यात्रियों की संख्या बढ़ी तो बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। वहीं नैनीताल से कैंची धाम के लिए 15 बसें संचालित की जाएंगी।


