उत्तराखंड में देर रात झमाझम बारिश से खुशनुमा मौसम, आज देहरादून समेत आठ जिलों में अलर्ट………..
देहरादून: उत्तराखंड के कई इलाकों में बुधवार देर रात झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम सुहावना हो गया है। वहीं कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई है। आज से मौसम में बड़ा बदलाव आने का अनुमान है।
मसूरी, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, टिहरी और कोटद्वार में गुरुवार की सुबह बारिश हुई। वहीं देर रात हल्द्वानी में बारिश और ओलावृष्टि के बाद सुबह मौसम साफ हो गया। गुरुवार को राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून समेत आठ जिलों में तेज बारिश, अंधड़, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में गिरावट आने की संभावना
राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक और कई स्थानों पर सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य से अधिक तक रहा। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
शुक्रवार तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड में सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं, 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय जिलों में भी अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने, तेज से अति तीव्र वर्षा के दौर पड़ने व 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। शुक्रवार को भी इसी प्रकार का मौसम बना रह सकता है।


