उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार………
ऋषिकेश: उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में फायरिंग कांड के दो वांछित आरोपी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बैरियर तोड़कर भागे, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी बैरियर को टक्कर मारते हुए श्यामपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हालिया फायरिंग कांड में थे वांछित
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो लोगों को गोली मारकर घायल किया गया था। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
अस्पताल में भर्ती, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
एसएसपी के ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी पूरे मामले की जानकारी ली।
ऋषिकेश कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों और वांछित बदमाशों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।


