उत्तराखंड में MDDA का अवैध निर्माणों पर एक्शन, 100 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, कई बहुमंजिला निर्माण सील…………

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग एवं नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए सहसपुर, डालनवाला और पौंधा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सहसपुर के जाटोवाला क्षेत्र में लगभग 100 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि डालनवाला एवं पौंधा में कई अवैध बहुमंजिला निर्माणों को सील किया गया।

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बिना स्वीकृति विकसित की गई सड़कों एवं अन्य संरचनाओं को हटाया गया। वहीं स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माणों पर भी नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, स्वीकृत ले-आउट एवं मानचित्र की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने अथवा अवैध गतिविधि चिन्हित होने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।