उत्तराखंड के रुड़की में मूसलधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित, 24 घंटे में 339 मिमी बारिश दर्ज………
रुड़की: शिक्षानगरी में गुरुवार को हुई तेज वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन लोग घरों में कैद हो गए। रुड़की में गत 24 घंटे में 339 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
इधर, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरिद्वार जिले में 12 जुलाई तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने, बादल छाने और वर्षा की संभावना बनी हुई है।
शहर व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार से वर्षा शुरू हो गई थी, जो गुरुवार दोपहर तक जारी रही। सुबह तेज वर्षा हुई। जबकि दिनभर रिमझिम वर्षा होती रही। कई घंटों की लगातार वर्षा के कारण शहर में भारी जलभराव हो गया।
ऐसे में आवश्यक कार्य नहीं होने पर लोग घरों में ही कैद हो गए। रुड़की में बुधवार दोपहर 2:18 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक 188 मिमी वर्षा हुई। जबकि गुरुवार सुबह 8:30 से लेकर दोपहर 2:18 मिनट तक 151 मिमी वर्षा हुई। ऐसे में शहर में गत 24 घंटे में 339 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, बुधवार की तुलना में गुरुवार को शहर का दिन का तापमान 27.5 डिग्री से लुढ़ककर 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से कम होकर 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा।
उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार रुड़की में वर्ष 2023 में 12 जुलाई को 305 मिमी वर्षा हुई थी।


