उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक हादसे में तीन शव मिले, हेलीकॉप्टर से मातली पहुंचाए गए………
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए गए हैं। बुधवार को दो पुरुषों और एक महिला के शव हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड पहुंचाए गए। वहीं, अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। ट्रेक के दौरान खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसके चलते दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के समन्वय से लापता सदस्यों की तलाश के लिए संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग कर रही हैं। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ केदारताल क्षेत्र में सर्चिंग कर रही हैं।
SDRF के अनुसार, अभियान के दौरान बरामद तीनों शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दुर्गम क्षेत्र में खोजबीन कर रही हैं।
भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद SDRF सहित सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तत्परता से अभियान संचालित कर रही हैं। शेष लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है।


