चलिये सुबह के नाश्ते में बनाएं साबूदाना और आलू का टेस्टी चीला, पेट भी भरेगा और स्वाद भी मिलेगा………….

देहरादून: आपने अब तक कई तरह के चीले खाए होंगे लेकिन क्या कभी साबूदाना और आलू से बना टेस्टी चीला ट्राई किया है. अगर नहीं तो आज हम आपको घर पर आसानी से साबूदाना-आलू का टेस्टी चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।

सुबह के नाश्ते में अगर आप कुछ नया और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो साबूदाना आलू से बना क्रिस्पी चीला आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है। साबूदाना और उबले आलू से बनने वाला यह चीला बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से सॉफ्ट होता है। इसे आप सुबह के नाश्ते शाम के हल्के स्नैक के तौर पर बना सकते हैं।

यह खाने में काफी टेस्टी लगता है और इसे घर में मौजूद सामानों से आसानी से बनाया जा सकता है। तो आइए जानते हैं कि साबूदाना और आलू से टेस्टी चीला कैसे बना सकते है और इसे बनाने के लिए किन-किन की जरूरत होती है।

बनाने के लिए ये चाहिए सामग्री-
1 कप साबूदाना
2 उबले हुए आलू
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
तेल जरूरत अनुसार

साबूदाना आलू चीला बनाते कैसे हैं-
साबूदाना आलू चीला बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को अच्छी तरह धोकर 6 से 8 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें।

इसके बाद इसका सारा पानी निकाल दें और भीगे हुए साबूदाना को मिक्सर में डालकर थोड़ा-सा पानी मिलाते हुए सॉफ्ट पेस्ट तैयार कर लें।

अब इस पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकालें. इसमें उबले हुए आलू को मैश करके डालें।

फिर हरी मिर्च, अदरक, नमक, काली मिर्च, हरा धनिया और चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर घोल बहुत गाढ़ा लगे, तो थोड़ा-सा पानी मिलाकर स्मूद घोल बना लें।

अब तवा गर्म करें और उस पर हल्का-सा तेल लगाएं। एक करछी घोल डालकर उसे गोल आकार में फैलाएं।

मीडियम गैस पर एक तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। फिर थोड़ा-सा तेल डालकर पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें।

जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें।

साबूदाना आलू चीला का स्वाद हरी चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ और भी ज्यादा बढ़ जाता है।

इन बातों का रखें ध्यान
साबूदाना को अच्छी तरह भिगोना जरूरी है, तभी चीले का घोल बेहतर बनेगा।
चीले को हमेशा मीडियम गैस पर पकाएं, ताकि वह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए और बाहर से कुरकुरा बने।