उत्तराखंड में आज कई दिन बाद खिली धूप, पर दो दिन बाद मौसम विभाग ने किया येलो अलर्ट जारी……

देहरादून: गुरुवार से शनिवार तक उत्तराखंड में वर्षा-ओलावृष्टि का दौर जारी रहने के बाद आज रविवार को मौसम साफ हो गया और चटख धूूप खिल गई। इससे पहले शनिवार को चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर लगातार तीसरे दिन हल्का हिमपात हुआ।

प्रदेशभर के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे है। पहाड़ों में ठिठुरन बनी हुई है। शनिवार को सुबह से ही धूप और बादलों की आंख-मिचौनी रही। जबकि, दोपहर बाद कई क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें और ओले गिरे। अत्यधिक वर्षा और ओलावृष्टि के कारण फल-सब्जी से लेकर रबी की फसल तक को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

बारिश और ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है।

वहीं, सोमवार और मंगलवार को पहाड़ों में वर्षा और निचले इलाकों में ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं अंधड़ चलने के भी आसार हैं।

दून में दिन में धूप, शाम को झमाझम वर्षा
शनिवार को दून-मसूरी समेत आसपास के क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख मिचौनी जारी है। दिन में चटख धूप खिलने के बाद शाम को अचानक बादल घिर आए और ज्यादातर क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई।

फल-सब्जी की खेती को खासा नुकसान पहुंचने की आंशका
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों में जोरदार ओलावृष्टि हुई। जिससे फल-सब्जी की खेती को खासा नुकसान पहुंचने की आंशका है।

इसके साथ ही तापमान भी सामान्य से कम बना हुआ है। दून में अप्रैल के पहले दिन ही 15 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। आज भी आंशिक बादल छाये रहने के आसार हैं।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 25.6, 13
ऊधमसिंह नगर, 27.0, 13.5
मुक्तेश्वर, 9.1, 2.7
नई टिहरी, 14.0, 5.9