उत्तराखंड में पूर्व देहरादून DM सविन बंसल को लोकसभा सचिवालय में मिली बड़ी जिम्मेदारी………
देहरादून: उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सविन बंसल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। हाल ही में देहरादून के जिलाधिकारी (DM) पद से स्थानांतरित होकर नियोजन विभाग में सचिव बनाए गए सविन बंसल का अब केंद्र में चयन हो गया है।
लोकसभा सचिवालय ने उन्हें संयुक्त सचिव (Joint Secretary) के पद पर प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर नियुक्त किया है। इस संबंध में 13 जुलाई 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
देहरादून DM से सचिव और अब लोकसभा सचिवालय तक का सफर।
आईएएस सविन बंसल (2009 बैच) पिछले करीब 21 महीनों तक देहरादून के जिलाधिकारी रहे। हाल ही में उत्तराखंड सरकार के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला कर उन्हें नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया था, जबकि आशीष चौहान ने देहरादून के नए जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला। अब उनकी प्रतिनियुक्ति केंद्र सरकार के अधीन लोकसभा सचिवालय में हो गई है।
देहरादून के जिलाधिकारी रहते हुए सविन बंसल कई प्रशासनिक फैसलों और जनहित से जुड़े अभियानों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे। अब केंद्र में लोकसभा सचिवालय जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था में संयुक्त सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता का बड़ा सम्मान माना जा रहा है।
तीन वर्ष के लिए मिली नई जिम्मेदारी
लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना के अनुसार, सविन बंसल को पे मैट्रिक्स लेवल-14 में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। प्रतिनियुक्ति की सभी शर्तें केंद्र सरकार के प्रचलित नियमों और आदेशों के अनुसार लागू होंगी।


