उत्तर प्रदेश में दर्जी के बेटे-बेटी ने रचा इतिहास, 12वीं में किया जिला टॉप………

हापुड़: सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच भी अगर हौसले मजबूत हों, तो सफलता की राह खुद बन जाती है। इसका उदाहरण बने हैं दर्जी के बेटे-बेटी अनमोल और छवि, जिन्होंने कक्षा 12 के परीक्षा परिणाम में जिला टॉप कर अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया।

चार भाई-बहनों वाले इस परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। पिता दिनभर सिलाई का काम करते हैं और रात में ओवरटाइम कर बच्चों की पढ़ाई का खर्च जुटाते हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद अनमोल और छवि ने कभी हार नहीं मानी। खास बात यह रही कि दोनों ने बिना किसी ट्यूशन के घर पर ही पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।

परिवार में खुशी का माहौल
वहीं, अनमोल और छवि की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। पिता की आंखों में गर्व के आंसू हैं, तो वहीं मां भी बच्चों की सफलता पर खुशी से गदगद हैं। माता-पिता का कहना है कि बेटे-बेटी अनमोल और छवि ने कक्षा 12 के परीक्षा परिणाम में जिला टॉप कर अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया।

बताया गया कि अनमोल ने (92.6) प्रतिशत अंक और छवि ने 92.2 प्रतिशत अंक लाकर इतिहास रच दिया है। दोनों ही विजेंद्र आदर्श बाल इंटर कॉलेज के छात्र हैं। भाई-बहन ने विश्वास को ही अपनी ताकत बनाया और लगातार मेहनत करते रहे।

बता दें कि उनकी उपलब्धि उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो अक्सर आर्थिक तंगी का हवाला देकर पढ़ाई से दूरी बना लेते हैं। अनमोल और छवि ने साबित कर दिया कि सच्ची लगन और मेहनत से हर मुश्किल को पार किया जा सकता है।