उत्तराखंड में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर खुलने से रुड़की रूट पर लग्जरी बसों की कमी, यात्री परेशान……..
रुड़की: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर का लोकार्पण करने के साथ ही दिल्ली से देहरादून के बीच संचालित होने वाली अधिकांश लग्जरी बसों ने भी अपना रूट बदल दिया है।
यह बसें अब इसी मार्ग से होकर देहरादून, दिल्ली के बीच का सफर तय कर रही हैं। ऐसे में रुड़की का रूट छूट गया हैं और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रुड़की डिपो के पास कोई वाल्बो या एसी बस नहीं है। जब से मंगलौर बाईपास बना हैं तब से उत्तराखंड एवं अन्य राज्यों की बसें रुड़की आने के बजाए दिल्ली-देहरादून जाते समय मंगलौर में अब्दुल कलाम चौक पर यात्रियों को छोड़ देती हैं।
इसके अलावा दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लग्जरी बस पकड़ने के लिए इसी स्थान पर जाना पड़ता है। 14 अप्रैल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल्ली-देहरादून कारिडोर का लोकार्पण करने के बाद इस रूट पर बसों का संचालन भी शुरू कर दिया है।
उत्तराखंड परिवहन निगम की ही 16 बसें इस रूट से चलना शुरू हो गई है, जिसमें से अधिकांश बसें लग्जरी हैं।
इसी तरह से अन्य राज्यों की लग्जरी बसें भी इसी रूट से होकर जा रही है। जिसकी वजह से रुड़की शहर छूट गया है।
दो दिन से दिल्ली-देहरादून के बीच संचालित होने वाली अधिकांश लग्जरी बसें रुड़की की ओर नहीं आ रही है।
यात्री अर्पित शर्मा ने बताया कि पहले बिना एडवांस टिकट बुक किए मंगलौर अब्दुल कलाम चौक पर बस मिल जाती थी लेकिन शुक्रवार को दो घंटे इंतजार के बाद भी बस नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि कम से कम रुड़की के लिए वाल्बो एवं एसी बस की सुविधा होनी चाहिए।
मामला संज्ञान में आया है दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर के अलावा देहरादून से रुड़की होकर दिल्ली के लिए भी लग्जरी बसों का संचालन जारी रहेगा। जल्द ही इस संबंध में समीक्षा बैठक कर उनका टाइम टेबल और ठीक कराया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना ना करना पड़े। :प्रदीप बत्रा परिवहन मंत्री उत्तराखंड


