आइये आज गेहूं की जगह ट्राई करें रागी की मसाला रोटी बनाने का तरीका, सेहत रहेगी बेहतर और खाने में है लाजवाब…….
देहरादून: आपने कई तरह की रोटियां खाई होंगी लेकिन क्या आपने कभी रागी मसाला रोटी खाई है. यह रोटी खाने में जितनी टेस्टी होती है, उतनी ही हेल्दी भी होती है. आज हम आपको रागी मसाला रोटी बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।
रोटी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है जो लगभग हर घर में रोज बनाई जाती है। ज्यादातर घरों में गेहूं के आटे की रोटी बनती है लेकिन आज हम आपको रोज की रोटी से अलग रागी की मसाला रोटी बनाना बताएंगे। रागी, जिसे नाचनी भी कहा जाता है, पोषक तत्वों का भंडार होता है। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम और प्रोटीन होता है जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए बहुत फायदेमंद है। हल्के मसाले और मन पसंद सब्जियों से बनी रागी मसाला रोटी जितनी हेल्दी होती है उतनी ही टेस्टी भी होती है। आइए जानते हैं कि रागी मसाला रोटी बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है और इसे कैसे बनाया जाता है।
जानिये सामग्री-
3 कप रागी का आटा
1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 गाजर (कद्दूकस किया हुआ
10 कढ़ीपत्ता (बारीक कटा हुआ)
कुछ हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच तिल
1/2 छोटा चम्मच नमक
1 कप पानी
रागी मसाला रोटी कैसे बनाएं-
सबसे पहले पानी को छोड़कर सारी चीजों को एक बाउल में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही ज्यादा सॉफ्ट, बस इतना हो कि आसानी से लोई बन सके।
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक साफ सूती कपड़ा या रूमाल लें, उसे पानी में भिगोकर निचोड़ लें और किसी सपाट जगह पर फैला दें।
कपड़े के बीच में एक लोई रखें और हथेली से हल्के-हल्के दबाकर उसे गोल रोटी का आकार दें। अगर हाथ चिपचिपे लगें तो हल्का-सा पानी लगा सकते हैं. रोटी को अपनी पसंद की मोटाई तक फैलाएं।
अब गैस पर तवा गरम करें और गैस को मीडियम कर दें। कपड़े को किनारों से पकड़कर उठाएं और धीरे-से रोटी को तवे पर डाल दें।
रोटी को एक तरफ से पकने दें, फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी 1–2 मिनट तक सेंक लें, जब तक इसका रंग हल्का बदलकर पक न जाए।
अब आपकी गरमागरम रागी रोटी तैयार है. इसे सब्जी, दाल या चटनी के साथ परोसें।


