उत्तराखंड में यहाँ आखिरकार पकड़ा गया खूंखार गुलदार, ग्रामीणों में राहत………

नैनीताल: भीमताल क्षेत्र के मोरा गांव में वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद किया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है।

बताया जा रहा है कि मोरा से सटे भदयूनी गांव में छह दिन पहले युवक कमल सिंह बिष्ट गुलदार का शिकार बन गया था। इसके अलावा पास के सूर्याजाला और ज्योली गांवों में भी दो महिलाओं को इसी आदमखोर ने निशाना बनाया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।

घटनाओं के बाद वन विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के कई गांवों में पिंजरे लगाए थे, जिसके चलते यह गुलदार पकड़ा गया।

हालांकि रेंजर नितिन पंत ने स्पष्ट किया है कि पिंजरे में कैद हुआ यही गुलदार आदमखोर है या नहीं, इसका अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

फिलहाल वन विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।