उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी ने शुरू की नेस्ले की ग्रामीण विकास परियोजना……….
रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में नेस्ले इंडिया की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत शुरू की गई एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का शुभारंभ किया। यह परियोजना बीएआईएफ डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जाएगी।
कार्यक्रम में सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामुदायिक प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान व नेस्ले इंडिया और बीएआईएफ के अधिकारी मौजूद रहे। परियोजना के तहत ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिले के 10 गांवों धरमपुर (मटकोटा), छत्तरपुर, कीरतपुर, दानपुर, बगावाला, शांतिपुरी-2, फौजी मटकोटा (बिंदुखेड़ा), नगला तराई, ककनई और मंच के 15 हजार से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। यह परियोजना चार प्रमुख क्षेत्रों-पोषण व स्वास्थ्य, भविष्य के लिए तैयार विद्यालय, जल, स्वच्छता व स्थिरता और सामुदायिक विकास पर केंद्रित रहेगी।
इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ करने, स्वच्छता सुविधाओं में सुधार, स्मार्ट क्लासरूम और एसटीईएम आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल साक्षरता व कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यहां नेस्ले इंडिया के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने कहा कि मजबूत गांव ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल ग्रामीण परिवारों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उत्तराखंड में समावेशी व टिकाऊ ग्रामीण विकास को नई दिशा देगी।


