गुड़ मिलाकर चावल के आटे से बनाएं केरल की ये देसी मिठाई, मांग-मांगकर खाएंगे बच्चे, नोट करें रेसिपी……….

देहरादून: महाराष्ट्र का मोदक और हिमाचल का सिड्डू के बारे में आपने सुना होगा और खाया भी होगा. आज हम आपको घर पर केरल की खास मिठाई बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं, जो चावल और गुड़ से बनती है. इस स्वीट डिश का नाम एथाप्पझम कोझुकट्टा है, आइए आपको इसे बनाने का तरीका बताते हैं।

भारतीय खाना अपने अलग स्वाद की वजह से दुनियाभर में मशहूर है और विदेशों में भी लोग इसे खाना पसंद करते हैं। भारत के अलग-अलग प्रदेश में अलग तरह का खाना बनता है। पहाड़ी, पंजाबी,बंगाली और साउथ की डिशेज में काफी फर्क होता है। मगर सबसे अच्छी बात यह होती है कि इनको आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं, ऐसे ही आज हम आपको केरल की मशहूर एथाप्पझम कोझुकट्टा की रेसिपी बताएंगे, जिसका नाम भले ही आपको अजीब लगे।

मगर इस मिठाई को एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार खाने की मांग करेंगे। इस रेसिपी का नाम जितना मुश्किल है, इसे बनाना उतना ही सिंपल है। चावल के आटे, गुड़, नारियल और इलायची से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद में बेहद खास होती है. इसे बनाने के लिए आपको किसी महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और यह घर की रसोई में आसानी से तैयार हो जाती है।

एथाप्पझम कोझुकट्टा में क्या है खास-
केरल की मशहूर एथाप्पझम कोझुकट्टा की खासियत इसका देसी स्वाद है. नरम चावल के आटे की बाहरी लेयर के अंदर गुड़ और नारियल की मीठी फिलिंग भरी जाती है। इलायची इसकी खुशबू और स्वाद को और भी बढ़ा देती है। अगर आपको देसी मिठाइयां पसंद हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

एथाप्पझम कोझुकट्टा बनाने के लिए सामग्री-
भुना हुआ चावल का आटा – 3 कप
गर्म पानी – 5 से 6 कप
नमक – ½ छोटा चम्मच
नारियल तेल या देसी घी – 1 बड़ा चम्मच
कद्दूकस किया हुआ नारियल – 1 मिडियम नारियल
गुड़ – 300 ग्राम
इलायची पाउडर – 1 बड़ा चम्मच

एथाप्पझम कोझुकट्टा बनाने का तरीका-

सबसे पहले तैयार करें गुड़-नारियल की फिलिंग।
एक पैन में कद्दूकस किया हुआ नारियल और गुड़ डालकर स्लो फ्लेम पर पकाएं। गुड़ पिघलने लगे तो दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। मिक्सर में इलायची पाउडर डालें और कुछ मिनट तक पकाएं। जब मिक्सर थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।

चावल के आटे का आटा तैयार करें
एक पैन में पानी डालकर उसमें नमक और नारियल तेल या देसी घी डालें। जब पानी गर्म हो जाए तो तब इसमें धीरे-धीरे भुना हुआ चावल का आटा डालते हुए लगातार चलाएं, ताकि गांठें न बनें।

मिक्सर जब अच्छी तरह एकसार हो जाए और आटा गूंथने लायक हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इसे थोड़ा ठंडा होने दें। हल्का गर्म रहने पर आटे को अच्छी तरह गूंथकर नरम और चिकना आटा तैयार कर लें।

कोझुकट्टा का शेप दें
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक लोई को हथेली पर रखकर हल्का दबाएं और बीच में गुड़-नारियल की तैयार फिलिंग रखें। अब किनारों को सावधानी से बंद करते हुए इसे गोल शेप में बना दें। इसी तरह सभी कोझुकट्टा तैयार कर लें।

अब करें स्टीम
दूसरी तरफ आप स्टीमर में पानी गर्म करने रख दें। फिर कोझुकट्टा को स्टीमर प्लेट पर रखें। इन्हें ढककर करीब 10 से 15 मिनट तक स्टीम में पकाएं। जब बाहरी लेयर अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें।

इनको कुछ मिनट ठंडा होने के बाद इन्हें सर्व करें। गरमा-गरम एथाप्पझम कोझुकट्टा का स्वाद गुड़ और नारियल की मिठास के साथ बेहद लाजवाब लगता है।