उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव: कहीं बवाल तो कहीं ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न, कॉलेजों में मतदान को लेकर दिखा उत्साह……

देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ। सुबह से ही कॉलेज परिसरों में छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ नजर आई। कई कॉलेजों में मतदान प्रतिशत दोपहर तक तेजी से बढ़ा, जबकि कुछ स्थानों पर मतदान प्रक्रिया पूरी भी हो गई। अगस्त्यमुनि में दोपहर 12 बजे तक 52.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कर्णप्रयाग में भी मतदान ने रफ्तार पकड़ी और 12 बजे तक 57.51 फीसदी मत पड़े।

उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को महाविद्यालयों में दिनभर गहमागहमी रही। कहीं मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा तो कहीं हंगामे और विवाद ने चुनावी माहौल को गरमा दिया। डीएवी पीजी कॉलेज में प्रत्याशियों के समर्थन में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बवाल हुआ, जिसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई।

वहीं एसजीआरआर पीजी कॉलेज में मतदान खत्म होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर जश्न मनाना शुरू कर दिया और अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। दूसरी ओर अगस्त्यमुनि, कर्णप्रयाग, बड़कोट और पोखरी समेत कई कॉलेजों में दोपहर तक मतदान ने रफ्तार पकड़ी। कर्णप्रयाग में सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जबकि कोटद्वार और रुड़की में पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच मतदान कराया गया। कई कॉलेजों में प्रवेश से पहले छात्रों के आईडी और कार्ड की जांच की गई।

अगस्त्यमुनि: दोपहर 12 बजे तक 52.46 फीसदी मतदान, कॉलेज में सुबह से रही गहमागहमी
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी रहा। कॉलेज में कुल 2036 मतदाता हैं। सुबह 11 बजे तक 686 छात्रों ने मतदान किया, जो 33.69 प्रतिशत रहा। दोपहर 12 बजे तक मतदान का आंकड़ा बढ़कर 1068 पहुंच गया और मतदान प्रतिशत 52.46 हो गया। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद से कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की गहमागहमी रही। दोपहर एक बजे के बाद केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं को मतदान की अनुमति दी गई, जो आईडी कार्ड के साथ पहले ही परिसर में प्रवेश कर चुके थे।

एसजीआरआर पीजी कॉलेज: 1105 में से 506 ने डाले वोट, मतदान खत्म होते ही समर्थकों ने मनाया जश्न
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। मतदान समाप्त होने तक कुल 506 मत डाले गए, जबकि कॉलेज में 1105 मतदाता हैं। एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों के बीच तीन पदों पर मुकाबला है। मतदान समाप्त होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा करते नजर आए।

डीबीएस पीजी कॉलेज: छात्रसंघ चुनाव में 75 फीसदी छात्रों ने किया मतदान
डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। चुनाव में 75 फीसदी छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रही। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजर चुनाव परिणाम पर है।

एमकेपी कॉलेज: छात्रसंघ चुनाव संपन्न, 37.94 प्रतिशत हुआ मतदान
एमकेपी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। कॉलेज में 37.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की गतिविधियां बनी रहीं। मतदान पूरा होने के बाद अब प्रत्याशियों और समर्थकों को परिणाम का इंतजार है।

डीएवी पीजी कॉलेज: हंगामे के बाद शांत हुआ माहौल, जांच के बाद छात्रों को मिला प्रवेश
डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हंगामे के बाद माहौल शांत हुआ और मतदान प्रक्रिया आगे बढ़ी। मतदान के लिए पहुंच रहे छात्रों के गेट पर कार्डों की जांच की गई। इसके बाद उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया। प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ हुए बवाल के बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। कॉलेज परिसर में सुरक्षा कर्मियों और शिक्षकों की मौजूदगी में मतदान कराया गया।

कर्णप्रयाग: दोपहर 12 बजे तक 57.51 फीसदी मतदान, सीओ ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
कर्णप्रयाग महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी रहा। दोपहर 12 बजे तक 865 मतदान हुए, जिनमें 661 छात्राएं और 204 छात्र शामिल हैं। इस दौरान मतदान प्रतिशत 57.51 रहा। सुबह 11 बजे तक कॉलेज में 34 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह रावत ने महाविद्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुल मतदान 1201 और मतदान प्रतिशत 79.85 दर्ज किया गया।

बड़कोट: राजकीय महाविद्यालय में दोपहर 12 बजे तक 82 फीसदी मतदान
राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे तक कॉलेज में 82 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सुबह से ही छात्र-छात्राएं मतदान के लिए कॉलेज पहुंचते रहे। मतदान को लेकर परिसर में चुनावी गतिविधियां बनी रहीं और प्रत्याशियों के समर्थक भी सक्रिय नजर आए।

कोटद्वार: राजकीय पीजी कॉलेज में दोपहर 12 बजे तक 779 वोट पड़े
कोटद्वार के राजकीय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी रहा। दोपहर 12 बजे तक कुल 2729 मतदाताओं में से 779 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में पहुंचते रहे। प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच भी चुनाव को लेकर गतिविधियां बनी रहीं।

कोटद्वार: छात्रसंघ चुनाव को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, कॉलेज के आसपास सुरक्षा कड़ी
कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस अलर्ट रही। महाविद्यालय परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार गश्त और निगरानी की। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने छात्र संगठनों, प्रत्याशियों और छात्र-छात्राओं से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।

पोखरी: नागनाथ महाविद्यालय में दोपहर 12 बजे तक 75.25 फीसदी मतदान
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी रहा। दोपहर 12 बजे तक कॉलेज में 75.25 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान 42 छात्रों और 244 छात्राओं ने मतदान किया। मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह नजर आया। कॉलेज परिसर में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ी।

ऋषिकेश: ललित मोहन शर्मा परिसर में छात्रसंघ चुनाव जारी, अध्यक्ष पद पर एबीवीपी-एनएसयूआई आमने-सामने
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया जारी है। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रियांशु कुमाईं और एनएसयूआई समर्थित वैभव रावत आमने-सामने हैं। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की निकिता प्रजापति और एनएसयूआई के उदित झा के बीच मुकाबला है। कोषाध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी की अंजलि कोठियाल मैदान में हैं। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे और विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। बिना वैध आईडी कार्ड के परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं है और विजय जुलूस पर रोक लगाई गई है।

रुड़की: केएल डीएवी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान, एबीवीपी-एनएसयूआई में मुकाबला
केएल डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ। कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की तैनाती के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश कार्ड दिखाना अनिवार्य किया गया है। बिना प्रवेश कार्ड के किसी को कॉलेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। चुनाव में एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। कॉलेज प्रशासन और पुलिस मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

गोपेश्वर: चमोली के महाविद्यालयों में सुबह आठ बजे से छात्रसंघ चुनाव, 2285 मतदाता करेंगे मतदान
चमोली जिले में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में मंगलवार सुबह आठ बजे से छात्रसंघ चुनाव शुरू हो गए। गोपेश्वर महाविद्यालय में 2285 मतदाता मतदान करेंगे। गोपेश्वर के अलावा पोखरी, नंदानगर और ज्योतिर्मठ महाविद्यालय में भी मतदान शुरू हुआ। इन महाविद्यालयों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू होने की जानकारी है। सुबह से ही छात्र-छात्राएं मतदान के लिए कॉलेज पहुंचते रहे।

डोईवाला: छात्रसंघ चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले से गर्माया माहौल, सुरक्षा के बीच मतदान शुरू
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही कॉलेज परिसर और बाहर मतदाताओं व प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला होने से चुनावी माहौल गर्म नजर आया। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए कॉलेज परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

ऋषिकेश: ललित मोहन शर्मा परिसर में मतदान के लिए सुबह से जुटी छात्रों की भीड़
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान के लिए कॉलेज परिसर में छात्रों की भीड़ जुटने लगी। छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। चुनाव को लेकर परिसर में सुबह से ही गहमागहमी बनी रही। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।