आईये सर्दियों की शाम में बनाएं महाराष्ट्र का मशहूर टोमेटो सार, स्वाद ऐसा कि बार-बार पीने का करेगा मन, नोट करें विधि……….

देहरादून: टमाटर, नारियल और मसालों के स्वाद से भरपूर टमाटर का गर्मागर्म सूप पीने में टेस्टी लगता है। इसे घर पर कम समय में तैयार किया जा सकता है। चलिए नोट कर लीजिए इसकी रेसिपी

महाराष्ट्रीयन टमाटर सार रेसिपी
सर्दियों के मौसम में शाम के समय ठंड बढ़ जाती है ऐसे में कुछ गर्मागर्म पीने का मन करता है। अगर आपको भी सूप का स्वाद पसंद आता है तो ऐसे में महाराष्ट्र का मशहूर ‘टोमेटो सार’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। टमाटर, नारियल का दूध से तैयार होने वाला यह सूप बनाने में बेहद आसान है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान विधि।

टमाटर सार के लिए सामग्री
पांच टमाटर, चुकंदर आधा, पानी आवश्यकतानुसार, ताज़ा नारियल आधा , अदरक 1 इंच, हरी मिर्च 2, पानी 5 कप, नमक स्वादानुसार, चीनी आधा कप, चावल का आटा 1 बड़ा चम्मच, पानी आवश्यकतानुसार, घी 1 बड़ा चम्मच, उड़द दाल आधा छोटा चम्मच, जीरा आधा छोटा चम्मच, करि पत्ता 5-6 नग, हरा धनिया एक मुट्ठी

टमाटर सार बनाने की विधि
पहला स्टेप: टमाटर सार बनाने के लिए सबसे पहले टमाटरों पर क्रॉस के निशान लगाएं और उन्हें 5-6 मिनट तक उबाल लें। उबलने के बाद इन्हें ठंडे पानी में डालें और फिर छिलका उतार लें। उबले हुए टमाटरों को ग्राइंडर जार में डालें और प्यूरी बना लें। अब इस प्यूरी को एक छलनी से छानकर एक बड़े बर्तन में डाल दें।

दूसरा स्टेप: अब उसके बाद कद्दूकस किए हुए नारियल को अदरक, हरी मिर्च और पानी के साथ जार में डालकर पीस लें। उसके बाद एक कॉटन का कपड़ा रखकर नारियल के मिश्रण को अच्छी तरह निचोड़कर सारा दूध कटोरे में निकाल लें। आपका नारियल का दूध तैयार है।

तीसरा स्टेप: इस नारियल के दूध को टमाटर की प्यूरी में डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को गैस पर रख दें। अब इसमें नमक, और चावल के पानी का घोल भी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। जब टमाटर सार उबलने लगे तब इसे धीमी आंच पर पकने दें।

चौथा स्टेप: एक करछी में घी और उड़द दाल डालें और हल्का सुनहरा भूरा होने तक भूनें। इसके बाद जीरा और करी पत्ता डालें, फिर इस तड़के को सूप में डालकर अच्छी तरह मिला लें। आखिर में ताज़ा हरा धनिया डालें। आपका गर्म गर्म टमाटर सार बनकर तैयार है।