उत्तराखंड में कल से बिगड़ेगा मौसम, 10 जिलों में बारिश, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट……
देहरादून: उत्तराखंड में 29 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 28 अक्टूबर की शाम 6:30 बजे जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर तक मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 अक्टूबर को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
30 अक्टूबर को मौसम का प्रभाव प्रदेशभर में रहने का अनुमान है। सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार भी बने रहेंगे।
31 अक्टूबर को मौसम का असर मुख्य रूप से पर्वतीय जिलों में रहने की संभावना है। पहाड़ों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, एक नवंबर को किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव बना रह सकता है। स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून


