उत्तराखंड में कल से बदलेगा सरकारी स्कूलों का टाइम, ये है नया शेड्यूल………….
देहरादून: उत्तराखंड के राजकीय माध्यमिक और प्रारंभिक विद्यालयों में कल एक अक्टूबर से शीतकालीन समय-सारिणी लागू हो जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार एक अक्टूबर से 31 मार्च तक विद्यालयों का संचालन नए समय के अनुसार होगा।
शीतकालीन समय में प्रार्थना सभा सुबह 8:50 से 9:00 बजे तक होगी। इसके बाद कक्षाएं संचालित होंगी। उपलब्ध शासनादेश की प्रति के अनुसार पहला वादन (पीरियड) सुबह 9:00 से 9:45 बजे, दूसरा 9:45 से 10:30 बजे और तीसरा 10:30 से 11:15 बजे तक होगा। चौथा वादन 11:15 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।
इसके बाद 12 से 12:30 बजे तक मध्यांतर रहेगा। पांचवां वादन 12:30 से 1:10 बजे, छठा 1:10 से 1:50 बजे, सातवां 1:50 से 2:30 बजे और आठवां वादन 2:30 से 3:10 बजे तक होगा। यानी विद्यालय की छुट्टी दोपहर 3:10 बजे होगी।
गर्मियों में सुबह जल्दी, सर्दियों में देर से स्कूल
नई व्यवस्था में मौसम के अनुसार विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक ग्रीष्मकालीन समय और एक अक्टूबर से 31 मार्च तक शीतकालीन समय लागू रहेगा। कल से ठंड और सुबह के कम तापमान को देखते हुए विद्यार्थियों को गर्मियों की तुलना में करीब एक घंटा पांच मिनट देर से विद्यालय पहुंचना होगा, जबकि छुट्टी भी शाम के करीब होगी।
मुख्य बदलाव
प्रार्थना सभा : सुबह 8:50 बजे
पहला वादन : सुबह 9:00 बजे
मध्यांतर : दोपहर 12:00 बजे
आठवां वादन समाप्त : दोपहर 3:10 बजे
शीतकालीन समय : 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक


