उत्तराखंड के रुद्रपुर को मिलेगी जाम-जलभराव से राहत, मिनी बाईपास और ड्रेनेज परियोजना मंजूर………
रुद्रपुर: शहर में जाम और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिली है।अटरिया मोड़ से इंदिरा कालोनी तक दशकों से बंद पड़े मार्ग को मिनी बाईपास के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। महापौर शर्मा ने बताया कि यह मार्ग आतंकवाद के समय से बंद पड़ा था।
शासन ने वित्तीय स्वीकृति दी
नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि अटरिया मोड़ से इंदिरा कालोनी तक 1.150 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र जारी किया है।
महापौर के अनुसार, लंबे समय से बंद पड़े इस मार्ग को दोबारा विकसित करने के लिए नगर निगम की टीम ने स्थल निरीक्षण और सर्वे किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सड़क निर्माण का अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी घोषणा में शामिल किया था।
इस मार्ग के खुलने आैर बनने से इंदिरा कालोनी, सिंह कालोनी, इंदिरा बंगाली कालोनी और भूरारानी क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधे रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर आने का वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा। इससे काशीपुर बाईपास पर यातायात का दबाव कम होगा।
रुद्रपुर में आबादी और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग विकसित करना जरूरी है। सड़क निर्माण की विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद इस मार्ग को मिनी बाईपास के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
ड्रेनेज परियोजना के लिए शासन से मिली 8.82 करोड़ की पहली किश्त
शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए तैयार 441.79 करोड़ रुपये की ड्रेनेज परियोजना के लिए शासन ने 8.82 करोड़ रुपये की पहली किश्त मंजूर की है।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में व्यापक सर्वे कराने के बाद ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया था। परियोजना के तहत शहर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है। पहली किश्त स्वीकृत होने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर कार्य शुरू कराने की तैयारी है।


