उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 30 अगस्त से और तेज होगा मानसून……..
देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में 28 और 29 अगस्त को मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर हो सकते हैं, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 30 और 31 अगस्त को मानसून की गतिविधियां और तेज होने का पूर्वानुमान है। इन दो दिनों में देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चमोली जिले के देवाल में सर्वाधिक 123 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हरिद्वार जिले के खानपुर में 64.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
आज पर्वतीय क्षेत्रों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अगस्त को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।
29 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 अगस्त से बढ़ेगी मानसूनी गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त को मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
31 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा
लगातार बारिश के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। चमोली में भारी भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे प्रभावित हुआ, जबकि बागेश्वर के कपकोट, देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी है। ऐसे में पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश के तेज दौर की संभावना को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन को भी भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और सड़क मार्गों पर निगरानी बनाए रखने की सलाह दी गई है।


