मुंबई: बॉलीवुड एक्टर एजाज खान को आज जमानत मिल गई है। उन्हें बांद्रा मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 1 लाख रुपये के मुचलके पर बेल दे दी है। सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के चलते एजाज खान को गिरफ्तार किया गया था। एजाज पर मानहानि, अभद्र भाषा और प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन पर यह कार्यवाही की गई।

एक्टर एजाज खान पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद बीते 18 अप्रैल को मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।

एजाज खान ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक विवादित बयान वाला वीडियो शेयर किया था। उन्होंने वीडियो में कहा था, ‘चींटी मर जाए तो मुसलमान जिम्मेदार, हाथी मर जाए तो मुसलमान जिम्मेदार, दिल्ली में भूकंप आ जाए मुसलमान जिम्मेदार, लेकिन कभी आपने सोचा है कि इन सबके पीछे किसकी साजिश है?’ एजाज ने ये भी कहा कि जो लोग ऐसी साजिश कर रहे हैं उन्हें कोरोना हो जाए।