सुबह नाश्ते के लिए हरी मिर्च और मूंगदाल से बनाएं महाराष्ट्रीयन ठेचा, जानें रेसिपी………

देहरादून: महाराष्ट्र के पारंपरिक व्यंजनों में ‘ठेचा’ का एक खास स्थान है, जो अपने अनोखे स्वाद और देसीपन के लिए जाना जाता है। अगर आप नाश्ते के लिए कुछ चटपटा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो ‘मूंग दाल ठेचा’ एक बेहतरीन विकल्प है।

अगर आप नाश्ते के लिए कोई ऐसा विकल्प ढूंढ रहे हैं जो चटपटा और स्वादिष्ट हो और जल्दी बन जाए, तो मूंग दाल ठेचा एक बेहतरीन विकल्प है। पारंपरिक महाराष्ट्रीयन व्यंजनों में ठेचा का एक खास स्थान है, जो अपने अनोखे और असली स्वाद के लिए जाना जाता है। वैसे तो इसे आमतौर पर हरी मिर्च, लहसुन और मूंगफली से बनाया जाता है, लेकिन इसमें मूंग दाल मिलाने से इसका एक अनोखा और स्वादिष्ट रूप तैयार होता है। इसे पोहा, भाकरी, रोटी या पराठे के साथ खाया जा सकता है। आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी।

मूंग दाल ठेचा के लिए सामग्री
आधा कप मूंग दाल, 5-6 हरी मिर्च, 4-5 लहसुन की कलियां, 1 छोटा चम्मच जीरा, थोड़ा तेल, नमक और मुट्ठी भर हरा धनिया लें। तीखापन आप अपनी पसंद के हिसाब से कम या ज़्यादा कर सकते हैं।

मूंग दाल ठेचा ऐसे बनाएं
मूंग दाल ठेचा बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को साफ़ करें और हल्का भून लें। दाल को तब तक भूनें जब तक अच्छी खुशबू न आने लगे और रंग हल्का सुनहरा न हो जाए। इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए अलग रख दें।

अब एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें। इसमें जीरा, लहसुन और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट तक भूनें। ध्यान रखें कि मिर्च और लहसुन जलें नहीं। हल्का भूनने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।

अब भुनी हुई मूंग दाल, हरी मिर्च और लहसुन के मिश्रण को खलबट्टे या सिल-बट्टे पर दरदरा पीस लें। ठेचा की खासियत यही है कि इसे पूरी तरह बारीक पेस्ट नहीं बनाया जाता। यह दरदरा रहता है जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है।

कुटे हुए मिश्रण में स्वादानुसार नमक और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं। जरूरत हो तो थोड़ा तेल डालें और सब कुछ अच्छी तरह मिला लें। आपका तीखा महाराष्ट्रीयन स्टाइल मूंग दाल ठेचा तैयार है।

किसके साथ परोसें ?
मूंग दाल ठेचा को गरमा-गरम पोहा, उपमा या पराठे के साथ परोसा जा सकता है। आप इसे रोटी और भाकरी के साथ भी खा सकते हैं। अगर आपको तीखा और चटपटा खाना पसंद है, तो यह नाश्ते का स्वाद कई गुना बढ़ा सकता है।