उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में येलो अलर्ट, IMD का ताजा पूर्वानुमान………
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा आज दोपहर 1:30 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटे यानी 4 और 5 सितंबर को प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले तीन घंटे के लिए देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटे इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार 4 सितंबर को नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 5 सितंबर को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
अगले तीन घंटे देहरादून-हरिद्वार-पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट शुक्रवार दोपहर जारी तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। इसे देखते हुए इन तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के अन्य जनपदों में भी आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में ऋषिकेश में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। ऋषिकेश में 60.5 मिमी, कालसी में 41 मिमी, काशीपुर में 40 मिमी, हाथीबड़कला में 37.5 मिमी, चमोली में 37 मिमी, मालदेवता में 32.5 मिमी तथा सोनप्रयाग और ओकलेमठ में 32-32 मिमी बारिश दर्ज की गई।
गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, कुछ स्थानों पर धूप-छांव के बीच मौसम शुष्क भी रहा।
बारिश से 108 सड़कें बंद
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में गुरुवार को 108 सड़कें बंद रहीं। इनमें अल्मोड़ा की 8, बागेश्वर की 11, चमोली की 16, चम्पावत की 1, देहरादून की 5, नैनीताल की 23, पौड़ी की 6, पिथौरागढ़ की 11, रुद्रप्रयाग की 8, टिहरी की 10 और उत्तरकाशी की 7 सड़कें शामिल हैं।
सड़कों के बाधित होने से कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्गों को खोलने की कार्रवाई संबंधित विभागों की ओर से की जा रही है।
6 और 7 सितंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 7 सितंबर को नैनीताल, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और चमोली में भारी बारिश हो सकती है।
8 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के तीव्र दौर की संभावना है।
पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बारिश के दौरान भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


