उत्तराखंड के 61 हजार मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस, दस्तावेजों का होगा सत्यापन…….
देहरादून: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जारी है। प्रारंभिक जांच में करीब 61 हजार मतदाता जांच के दायरे में आए हैं।
इनमें से लगभग 44 हजार मतदाताओं के नाम में त्रुटियां पाई गई हैं, जिन्हें बूथ स्तर पर संबंधित बीएलओ के माध्यम से ठीक कराया जाएगा। वहीं करीब 17 हजार ऐसे मतदाता हैं, जिनका वर्ष 2003 की मतदाता सूची में रिकार्ड नहीं मिला है। ऐसे मतदाताओं को अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
प्रशासन जारी करेगा नोटिस
प्रशासन इन सभी करीब 61 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी करेगा। बीएलओ की ओर से यह नोटिस वितरण कराए जाएंगे। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करनी होगी।
जिन मतदाताओं के नाम, वर्तनी, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है, उन्हें अपने बूथ पर जाकर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर संशोधन कराना होगा, जबकि रिकार्ड उपलब्ध नहीं होने वाले मतदाताओं को पहचान एवं निवास संबंधी आवश्यक दस्तावेज जमा कराने होंगे।
उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त होंगे, वे घबराएं नहीं बल्कि निर्धारित समय में बीएलओ अथवा संबंधित निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
सभी पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रहें, इसके लिए प्रत्येक मामले में नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता इस अभियान में सहयोग करें और समय रहते अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन एवं संशोधन कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग दें।


