उत्तराखंड के देहरादून में मानसून को लेकर बड़ा फैसला, उपभोक्ताओं को एक साथ मिलेगा 3 महीने का राशन………

देहरादून: वर्षाकाल में राशन विक्रेताओं को जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को तीन माह का राशन एक साथ वितरित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। राशन वितरण में पारदर्शिता के लिए ईपास मशीन को उपयोग में लाना अनिवार्य होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि वर्षाकाल को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, लेकिन इस माह का राशन 31 जुलाई तक वितरित करना होगा।

अन्य दो माह अगस्त-सितंबर का राशन एक साथ वितरित करना होगा। विक्रेता तीनों माह का राशन एक साथ भी दे सकते हैं। सरकारी गोदाम में राशन की पर्याप्त है।

राशन डीलरों को समय पर राशन उठाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी उपभोक्ता को राशन से वंचित करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान में जिले में तकरीबन 1069 सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानें संचालित की जा रही हैं। इनके उपभोक्ताओं की संख्या तकरीबन 3.75 लाख है।

इसमें राज्य खाद्य, राष्ट्रीय खाद्य, अंत्योदय योजना के राशन कार्डधारक शामिल हैं। क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को राशन की दुकानों का विधिवत निरीक्षण करने के आदेश जारी किए गए हैं।