उत्तराखंड को मिली पहली एनसीसी अकादमी, इस शहर में 50 करोड़ से होगा निर्माण………
पौड़ी: उत्तराखंड को आईएमए (इंडियन मिलिट्री एकेडमी) की तर्ज पर जल्द ही पहली एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) प्रशिक्षण अकादमी मिल जाएगी।
उत्तराखंड शासन से अकादमी के निर्माण की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति काे अनुमोदन मिल गया है। अकादमी निर्माण को 4.95 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित हो चुकी है। उच्च गुणवत्ता के मानकों पर चार ब्लाक में 50 करोड़ की लागत से अकादमी का निर्माण कार्य होगा। जिसका शासनादेश जल्द ही जारी होगा।
उत्तराखंड की पहली एनसीसी प्रशिक्षण अकादमी का निर्माण पौड़ी के गणियां गांव (देवार) में होगा। जिससे प्रदेश के एनसीसी कैडेट को प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। जनवरी 2019 में अकादमी के निर्माण की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की थी। अब लंबे इंतजार के बाद अकादमी निर्माण की कवायद तेज हो गई है।
शासन में लंबे समय तक लटकी रही डीपीआर
फरवरी 2025 अकादमी के निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग पौड़ी ने शासन को 75.98 करोड़ की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति को भेजी। शासन में लंबे समय तक डीपीआर लटकी रही। इसके बाद कुछ माह पहले डीपीआर के पुर्न आंगणन को लेकर शासन से दिशा-निर्देश निर्माणदायी संस्था को मिले। जिसके बाद ग्रामीण निर्माण विभाग ने पुर्न आंगणन कर 50 करोड़ की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी। जिसे शासन से वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के साथ अनुमोदन भी मिल गया है।
ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विजय सुयाल ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में एक एनसीसी अकादमी है। यह विभाग का जिले में अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। बताया कि एनसीसी अकादमी निर्माण के लिए पौड़ी के गणियां गांव में 4.95 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित हो चुकी है। मुख्य रुप से अकादमी में चार ब्लॉक होंगे। जिनमें प्रशासनिक भवन, ऑफिसर्स लिंविंग ब्लाक, मेस ब्लॉक, एमीनिटीज ब्लाक, आवासी ब्लाक, छात्र-छात्रा ब्लाक सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।
400 कैडेट की होगी क्षमता
पौड़ी: एसीसी अकादमी में 400 कैडेट की क्षमता होगी। इनमें 280 छात्र कैडेट व 120 छात्रा कैडेट शामिल हैं।
पूर्व सीएम का है ड्रीम प्रोजेक्ट
उत्तराखंड के पूर्व सीएम व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए 6 जनवरी 2019 को पौड़ी के देवार गांव में एनसीसी अकादमी की घोषणा की थी। जो अब देवार के समीपवर्ती गणियां गांव में साकार रुप लेगी।
पर्यावरण व जल संरक्षण का रहेगा फोकस
पौड़ी: एनसीसी अकादमी में पर्यावरण व जल संरक्षण पर फोकस रहेगा। यहां बारिश के पानी को बचाने के लिए 1 लाख लीटर का रेन हारर्वेस्टिंग टैंक बनाया जाएगा। परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए वृहत स्तर पर फुलवारियां विकसित की जाएंगी।
उत्तराखंड की पहली एनसीसी अकादमी के निर्माण को पहले 75.98 करोड़ की डीपीआर तैयार की थी। शासन के निर्देशानुसार संशोधित 50 करोड़ की पुर्न आंगणन डीपीआर तैयार की गई। जिसे शासन से वित्तीय व प्रशासन स्वीकृति मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा संशोधित आंगणन के सापेक्ष पहली किश्त के तौर पर 1 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। शासनादेश जारी होते ही निविदा प्रक्रिया संपन्न कर जल्द निर्माण कार्य शुरु किया जाएगा। :एलपी भट्ट, ईई ग्रामीण निर्माण विभाग पौड़ी


