उत्तराखंड में यहाँ 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा……..

नैनीताल: नैनीताल जिले की धारी तहसील में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भूमि की नापजोख के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान ने जांच के बाद ट्रैप कार्रवाई की, जिसके दौरान पटवारी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया।

मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव मौड़ा निवासी शिकायतकर्ता अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा से संपर्क किया था। आरोप है कि भूमि की नापजोख के एवज में पटवारी द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।

26 सितंबर 2026 को हुई ट्रैप कार्रवाई में सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने धारी तहसील में पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गिरफ्तारी के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के आवास पर भी तलाशी की कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सतर्कता अधिष्ठान तक पहुंचाने की अपील की है।

सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 जारी की है।