उत्तराखंड में पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि का गौरवशाली केंद्र, देश को दी नई दिशा: शिवराज सिंह चौहान………..

पंतनगर: पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि के इतिहास का गौरवशाली केंद्र रहा है। इस संस्थान ने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन देकर कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को परंपरा, आधुनिकता और अनुसंधान का त्रिवेणी संगम बताते हुए कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। गेहूं उत्पादन भी अधिशेष है तथा भारतीय गेहूं और बासमती चावल की मांग विश्वभर में लगातार बढ़ रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, गिरते भूजल स्तर, मिट्टी की गुणवत्ता और बदलते मौसम जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंतनगर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में देश और दुनिया में भारत का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारत की हरित क्रांति का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय कृषि की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका समाधान ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।

मुख्यमंत्री ने एआई, ड्रोन तकनीक, डेटा एनालिटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कृषि जैसे आधुनिक क्षेत्रों में विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कृषि उत्पादन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व छात्रों और विशेषज्ञों की समिति गठित कर ठोस सुझाव देने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने पंतनगर संग्रहालय तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, विद्यार्थियों से संवाद किया और धान की रोपाई में भी हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने का अनुरोध किया। कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे।