अब मैदे से नहीं, मूंग दाल से बनाएं टेस्टी पिज्जा, सेहत रहेगी बेहतर और स्वाद है लाजवाब……..

देहरादून: अगर आप बच्चों को हेल्दी खाना खिलाना चाहते हैं लेकिन वे हर बार पिज्जा खाने की जिद करते हैं तो मूंग दाल से बना पिज्जा आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. यह रेसिपी स्वाद और सेहत दोनों का बेहतर कॉम्बिनेशन है।

पिज्जा का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि, आमतौर पर, पिज्जा मैदा के बेस से बनाया जाता है, जिसे अनहेल्दी माना जाता है। यही वजह है कि कई लोग पिज्जा खाने से परहेज करते है। ऐसे में अगर आपको भी पिज्जा पसंद है लेकिन सेहत से समझौता नहीं करना चाहते तो मूंग दाल पिज्जा आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है।

यह पिज्जा खाने में बेहद टेस्टी होने के साथ-साथ प्रोटीन और फाइबर से भरपूर भी होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से तैयार किया जा सकता है। आज हम आपको घर पर आसानी से मूंग दाल पिज्जा बनाना बताएंगे, जिसे आप मिनटों में आासनी से तैयार कर सकते हैं।

ये है सामग्री (4 लोगों के लिए)-
1½ कप धुली मूंग दाल (रातभर भिगोई हुई)
½ इंच अदरक, कटा हुआ
2 हरी मिर्च, कटी हुई
1 चुटकी बेकिंग पाउडर
थोड़ा सा तेल
जरूरत अनुसार पिज्जा सॉस
रंग-बिरंगी शिमला मिर्च (कटी हुई)
उबला हुआ स्वीट कॉर्न
प्याज (कटा हुआ)
स्वादानुसार नमक
मशरूम (स्लाइस किए हुए)
1-2 जलेपीनो स्लाइस
जरूरत अनुसार मोजरेला चीज (कद्दूकस किया हुआ)
गार्निश के लिए रेड चिली फ्लेक्स
गार्निश के लिए ड्राइड ऑरिगैनो

मूंग दाल पिज्जा घर पर कैसे बनाएं-
मूंग दाल पिज्जा बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगो दें। अगले दिन भीगी हुई दाल को अदरक, हरी मिर्च, नमक और आवश्यकतानुसार पानी के साथ मिक्सर में डालकर पीस लें। इसे अच्छी तरह ब्लेंड करके स्मूद और गाढ़ा बैटर तैयार कर लें।

तैयार घोल को एक बाउल में निकाल लें और उसमें एक चुटकी बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।

अब नॉन-स्टिक तवा या पैन गर्म करें। उस पर थोड़ा बैटर डालकर मोटे पैनकेक की तरह फैलाएं। ऊपर से थोड़ा तेल डालें और एक तरफ से अच्छी तरह पकने दें।

अब पैनकेक को पलट दें। इसके ऊपर पिज्जा सॉस फैलाएं. फिर शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, प्याज, मशरूम और जलापेनो मिर्च डालें। आखिर में भरपूर मोजरेला चीज छिड़कें। पैन को ढक दें और चीज पिघलने तक पकाएं।

जब चीज अच्छी तरह पिघल जाए तो पिज्जा को प्लेट में निकाल लें. ऊपर से रेड चिली फ्लेक्स और ऑरिगैनो छिड़ककर गरमागरम सर्व करें।