उत्तराखंड में 23 को साफ रहा मौसम, 24 अप्रैल से फिर शुरू होगी बारिश-बर्फबारी…….
देहरादून: उत्तराखंड के मौसम में इन दिनों बिल्कुल बदला हुआ है, जहां बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर आज प्रदेश भर में आसमान साफ रहेगा. हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बर्फबारी की वापसी होगी. दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सूरज के तेवर तल्ख बने रहेंगे और तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक ऊपर जा सकता है।
उत्तराखंड का मौसम इन दिनों बिल्कुल बदला हुआ नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अगले एक हफ्ते तक मौसम के मिजाज में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्रों में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में जहां गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
वहीं मैदानी जिलों के बाशिंदों को फिलहाल तपती गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. देहरादून से लेकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर तक, चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी है. मैदानी क्षेत्रों में पारा सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रहने के कारण उमस और तपिश में इजाफा होने वाला है।
आज का मौसम 23 अप्रैल
इस मौसमी उथल पुथल के बीच आज यानी 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और पूरी तरह साफ रहा। हालांकि, यह राहत केवल आज रात तक ही सीमित रहने वाली है, क्योंकि 24 अप्रैल की सुबह से ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है. इस विक्षोभ के सक्रिय होते ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में मौसम फिर से बदल सकता है. रात के समय इन ऊंचे क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि दिन के समय मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश लोगों को परेशान करेगी।
24 अप्रैल से फिर करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 23 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, 24 अप्रैल से मौसम फिर से सक्रिय होगा. जिसके बाद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की वापसी होगी. जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं, 25 अप्रैल को इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम वर्षा और गर्जना के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. जबकि बाकी पहाड़ी जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है।
26 और 28 अप्रैल का मौसम पूर्वानुमान
वहीं, 26 अप्रैल को भी राहत के आसार कम हैं. इस दिन राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है. हालांकि, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा. इसके बाद 27-28 अप्रैल को मौसम एक बार फिर बदलेगा. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. राज्य के बाकी जिलों में इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा. अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी, जिससे मैदानी इलाकों में तपिश बरकरार रहेगी।
मैदानी जिलों का हाल- तपेगा देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर
मैदानी जिलों की स्थिति पहाड़ों से बिल्कुल जुदा रहने वाली है. जहां पहाड़ों में बादल बरसने और बर्फ गिरने का सिलसिला चलेगा, वहीं देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सूरज के तेवर और भी ज्यादा तल्ख बने रहेंगे. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक इन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में किसी खास गिरावट के बजाय 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी ही दर्ज की जा सकती है. चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रह सकता है, और रातों के तापमान में भी वृद्धि होने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति कृषि और आम जनजीवन दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि एक तरफ बर्फबारी से ठंड बढ़ रही है तो दूसरी तरफ मैदानों में लू जैसे हालात बन रहे हैं।
आने वाले दिनों के तापमान का अनुमान-
23 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम 38 डिग्री रहेगा।
24 अप्रैल को पारा चढ़कर 39 डिग्री तक पहुंच सकता है, न्यूनतम 20 डिग्री रहने के आसार हैं।
25 अप्रैल को अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहेगा, साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूल भरी आंधी की संभावना है।
26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है।
27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 21 डिग्री बना रहेगा।


