उत्तराखंड में आज सफेद चादर से ढकी मसूरी, वाहनों में भरकर पहुंचने लगे सैलानी, देखिए तस्‍वीरें…..

देहरादून: गुरुवार देर रात से जारी बारिश शुक्रवार तड़के तक जारी रही और इसके बाद उत्‍तराखंड की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। बर्फ से ढकी ये वादियां चांदी की तरह चमक रही थीं। जिन्‍हें देख दूसरे राज्‍यों से उत्‍तराखंड पहुंचे पर्यटक खुशी से खिल गए।

मसूरी और धनोल्‍टी में इस साल की दूसरी बर्फबारी हुई। मसूरी में देर रात बारिश भी हुई। जिसके बाद चार दुकान और लाल टिब्बा में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ। समीपवर्ती धनोल्टी, बुरांशखंडा, सुरकंडा और नागटिब्बा में भी हिमपात हुआ है।

शुक्रवार को सुबह उठकर जब देहरादून के लोगों ने अपने घरों की खिड़कियों से झांका तो मसूरी और धनोल्‍टी की बर्फबारी से ढकी चोटियां साफ दिखाई दे रही थीं। वहीं बर्फबारी की खबर सुनते ही पर्यटक मसूरी और धनोल्‍टी के लिए निकल पड़े। वहीं ताजा बर्फबारी के बाद अब शनिवार को वीकेंड होने चलते पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।

जिससे व्‍यापारी भी काफी खुश है। शुक्रवार को चारधाम में भी बर्फबारी हुई। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हुई। केदारनाथ में चौथे दिन शुक्रवार को भी बर्फबारी हुई है।