उत्तराखंड में आज का मौसम: 8 जिलों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट, 2 जिलों में सूखा……..

देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शनिवार को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के आठ जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

देहरादून में दिनभर रही उमस, शाम को बदला मौसम
शुक्रवार को राजधानी देहरादून में सुबह से ही तेज धूप खिली रही। बीच-बीच में बादल छाने के बावजूद उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी तो कहीं बारिश की बौछारें भी देखने को मिलीं।

लगातार बढ़ते तापमान के चलते प्रदेशभर में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी जिलों में बढ़ती गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

इन जिलों में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, बिजली चमकने और आंधी-तूफान की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।

हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि अन्य जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा और कई स्थानों पर बारिश गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

ज़्यादा जानें