उत्तराखंड के ऋषिकेश में 10 दिन बाद थम जाएगी राफ्टिंग, सैलानियों की संख्या घटकर हुई आधी……….

ऋषिकेश: देशभर में विख्यात ऋषिकेश की गंगा रिवर राफ्टिंग 30 जून से थम जाएगी। राफ्टिंग एवं साहसिक खेल अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने मानसून के मद्देनजर पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए राफ्टिंग एसोसिएशन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि यह सामान्य व्यवस्था है। इसे लेकर प्रशासन की ओर से जल्द आदेश जारी किया जाएगा। कहा कि हर वर्ष मानसून के आगमन से पहले राफ्टिंग, क्याकिंग समेत सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों पर रोक लगाई जाती है। वर्षाकाल समाप्त होने के बाद पुन: राफ्टिंग को शुरू किया है।

राफ्टिंग करने वालों की संख्या घटी
वहीं, जून माह का अंत नजदीक आते ही राफ्टिंग करने वाले पर्यटकों की संख्या में भी भारी कमी देखने को मिलने लगी है। मई अंत से 15 जून तक रोजाना 4000 से 4500 पर्यटक राफ्टिंग करने पहुंच रहे थे, जबकि 16 जून से राफ्टिंग करने वालों की संख्या प्रतिदिन 1200 से 1600 तक दर्ज की जा रही है।