उत्तराखंड में यहाँ बारिश बनी काल, नाली के पाइप में फंसकर 6 साल के मासूम की दर्दनाक मौत……….
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के विकासनगर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की खादर बस्ती में शनिवार शाम बारिश के दौरान खेल रहे 6 वर्षीय मासूम की नाली के पाइप में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा मस्जिद के पास सड़क किनारे हुआ। बारिश के दौरान बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव के साथ नाली के पास पहुंच गया और करीब 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक चले बचाव अभियान के बाद जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था।
बच्चे को तुरंत उप जिला चिकित्सालय विकासनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में हुए सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे बारिश का पानी तेज रफ्तार से बहता है और हादसे की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।
पुलिस ने क्या कहा।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा बारिश के दौरान बच्चों के खेलते समय हुआ। उनके अनुसार बच्चा बहकर नहीं आया था, बल्कि खेल-खेल में नादानी के चलते पाइप में फंस गया। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


