अब पकौड़े-समोसे हो गए पुराने, अब बारिश में बनाएं कच्चे केले की कुरकुरी भजिया, चाय के साथ आ जाएगा मजा………..
देहरादून: बारिश में ज्यादातर लोगों को चाय के साथ समोसे और पकौड़े खाने का मन करता है। लेकिन ज्यादातर लोग आलू और प्याज के ही पकौड़े खाते हैं। ऐसे में अगर आपको बारिश में कुछ अलग खाने का मन कर रहा है यहां हम आपको कच्चे केले की भजिया की रेसिपी बता रहे हैं।
बारिश के मौसम में या शाम की चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े मिल जाएं तो दिन बन जाता है। लेकिन अक्सर हर घर में आलू, प्याज या मिर्च के पकौड़े ही बनाए जाते हैं जिन्हें बार-बार खाकर मन ऊब जाता है। अगर आप भी कुछ नया, चटपटा और अलग स्वाद ट्राई करना चाहते हैं तो साउथ इंडिया की मशहूर कच्चे केले की भजिया एक बेहतरीन ऑप्शन है।
बाहर से एकदम कुरकुरी और अंदर से सॉफ्ट यह भजिया खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है और मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान और क्रिस्पी रेसिपी।
नोट कीजिए बनाने के लिए सामग्री:-
कच्चे केले – 2 (छीले और पतले स्लाइस में कटे हुए)
बेसन – 1 कप
चावल का आटा – 2 बड़ी चम्मच (अतिरिक्त क्रिस्पिनेस के लिए)
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा – 1 चुटकी (वैकल्पिक)
बारीक कटा हरा धनिया – 2 चम्मच
तेल – तलने के लिए
स्वादानुसार नमक
बनाने की विधि:-
केले काटें: सबसे पहले कच्चे केलों का छिलका उतार लें. अब इन्हें लंबाई में या गोल पतले-पतले स्लाइस में काट लें। कटे हुए केलों को तुरंत पानी में डालकर रखें ताकि वे काले न पड़ें।
बैटर तैयार करें: एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा छान लें। अब इसमें अजवाइन (हथेली से मसलकर), लाल मिर्च, हल्दी, हींग, भुना जीरा पाउडर, बेकिंग सोडा, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाएं।
घोल बनाएं: अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक मध्यम गाढ़ा घोल तैयार करें। घोल न तो ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा, ताकि यह केले के स्लाइस पर अच्छी तरह चिपक सके।
तेल गर्म करें: एक कड़ाही में भजिया तलने के लिए तेल गर्म करें। तेल अच्छा गर्म होना चाहिए।
भजिया तलें: केले के स्लाइस को पानी से निकालकर सूती कपड़े से पोंछ लें। अब एक-एक स्लाइस को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और गर्म तेल में डालते जाएं।
क्रिस्पी होने तक सेकें: आंच को मध्यम रखते हुए भजिया को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।
सर्व करें: तैयार कच्चे केले की क्रिस्पी भजिया को टिशू पेपर पर निकालें और ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़ककर हरी चटनी, नारियल की चटनी या शाम की कड़क चाय के साथ गरमा-गरम सर्व करें।


