उत्तराखंड में भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, अजय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया……

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में इस निर्णय की आधिकारिक घोषणा की गई। आदेश के अनुसार अजय कुमार की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। संगठन में इस नियुक्ति को भाजपा नेतृत्व के भरोसे और अजय कुमार की संगठनात्मक क्षमता की बड़ी पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
अजय कुमार लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में उन्होंने पार्टी के विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ता समन्वय और विभिन्न चुनावी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए कई प्रभावी पहल की गईं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजस्थान जैसे बड़े और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपना भाजपा नेतृत्व के विशेष विश्वास को दर्शाता है। आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार को देखते हुए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भाजपा के विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उत्तराखंड में उनके संगठनात्मक अनुभव का लाभ अब राजस्थान भाजपा को मिलेगा और इससे वहां पार्टी संगठन को और मजबूती प्राप्त होगी।

भाजपा के इस निर्णय को संगठन में नई ऊर्जा और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को लेकर व्यापक चर्चा है और इसे भाजपा की भविष्य की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।