उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मरम्मत कार्य जारी……

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के कई मोहल्लों में पिछले एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग परेशान हैं, जिससे घरेलू कामकाज, लघु उद्योग और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो। जिला मुख्यालय के मोहल्लों तथा आसपास के क्षेत्रों में एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे जहां तमाम घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। वहीं लघु कुटीर उद्योग कारोबारियों की समस्या बढ़ रही है।

मुख्यालय के धारानौला, ढूंगाधारा, बल्ढौटी, पूर्वी पोखरखाली के साथ ही सिकुड़ा, गोलना करड़िया, बख, राजपुरा आदि क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग परेशान हैं। वहीं सुबह हर आधे घंटे बाद बिजली कटौती उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ा रही है।

सांझ ढलते ही कमोवेश यही हाल है। ऐसे में जहां विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियां कर रहे युवाओं पर भी इसका असर पड़ रहा है।

बिजली कटौती से इलेक्ट्रिक व्यापारियों के साथ ही फाेटो स्टेट कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

प्रभावित क्षेत्रों के लोगों राजेंद्र तिवारी, उमेश तिवारी, दिनेश तिवारी, मोहन चंद्र डालाकोटी आदि ने व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग ऊर्जा निगम के अधिकारियों से की है।

चंडाक- अल्मोड़ा बिजली लाइन का 132 केवी टावर हाल में क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके सुधारीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। टावर के सुधारीकरण का कार्य पूरा हो जाने के बाद बिजली व्यवस्था में बेहतर सुधार हो सकेगा। :कन्हैया जी मिश्रा, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, अल्मोड़ा