उत्तराखंड के हरिद्वार में 30 जुलाई से शुरू होगा कांवड़ मेला, उलटी गिनती शुरू, तैयारियां तेज………

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जुलाई से कांवड़ मेला शुरू होना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, सुरक्षा प्रबंधों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

की गई मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक, ऋषिकुल पुल, प्रेमनगर चौक, सिंहद्वार, आर्यनगर चौक, दुर्गा चौक, लाल पुल, जटवाड़ा पुल, बहादराबाद से लेकर रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन कार्यों, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

निर्माणाधीन घाटों के समीप सुरक्षा दीवार नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी सु

जिलाधिकारी ने संभावित जलभराव वाले स्थानों का समय रहते चिन्हीकरण कर स्थायी समाधान करने, मार्ग किनारे झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की लापिंग तथा अंडरपास के खुले हिस्सों पर सुरक्षा जाली लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़क को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाने और निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।

उन्होंने जिला पंचायत को अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने, सभी भंडारों एवं शौचालयों पर स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगाने, जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत विभाग को समय रहते संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल बैरिकेडिंग करने तथा सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर जुयाल, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।